सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी

रतलाम। शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार रात लेनॉर्ड सिटी में चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार के मुखिया की अचानक तबीयत बिगड़ने और अटैक आने के बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर गए थे। इसी दौरान चोरों ने मकान को सूना पाकर ताला तोड़ दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। खास बात यह है कि एक ही सप्ताह में इसी थाना क्षेत्र में चोरी की यह तीसरी वारदात सामने आई है।
परिजन अस्पताल गए, पीछे से चोरों ने तोड़ा ताला
जानकारी के मुताबिक, परिवार के मुखिया को रात में अटैक आने के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए थे। घर पर किसी के नहीं होने का फायदा उठाकर चोरों ने मकान को निशाना बनाया। चोरों ने घर का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर चोरी की। चोरी गए सामान और उसकी कीमत का आकलन पुलिस और परिवार की ओर से किया जा रहा है।
पांच दिन पहले रहवासियों पर फेंके थे पत्थर
लेनॉर्ड सिटी में चोरी की घटनाओं का सिलसिला नया नहीं है। करीब पांच दिन पहले भी इसी कॉलोनी में चोरों ने वारदात का प्रयास किया था। रहवासियों के जागने पर चोरों ने मकानों पर पत्थर फेंके थे और मौके से भाग गए थे। पिछले एक सप्ताह में थाना औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत चोरों द्वारा दो बार पत्थरबाजी कर सूने मकानों को निशाना बनाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। अब शनिवार रात तीसरी वारदात ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चीता पार्टी और बीट प्रभारी पर कार्रवाई
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस विभाग ने भी कार्रवाई की है। चीता पार्टी और बीट प्रभारी को निलंबित किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। लगातार हो रही घटनाओं से रहवासियों में नाराजगी है। लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
एक सप्ताह में तीसरी वारदात से उठे सवाल
औद्योगिक क्षेत्र थाना इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आने से पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। अब पुलिस के सामने चोरों को पकड़ने के साथ-साथ क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की चुनौती है।









