शराब पीने के लिए रुपए मांगे, नहीं देने पर गाड़ी के कांच फोड़े

उज्जैन। शराब पीने के लिए एक बदमाश ने युवक से रुपए मांगे लेकिन उसने रुपए देने से इंकार किया तो बदमाश ने कार के कांच फोड़ दिए। मामले में महाकाल पुलिस ने मंगलवार को प्रकरण दर्ज किया।

पुलिस ने बताया कि घटना 19 दिसंबर की है। गरीब नवाज कॉलोनी, जयसिंहपुरा रोड स्थित एमपी गेस्ट हाउस के सामने अदनान निवासी हेलावाड़ी ने शाहरुख पिता अनवर पटेल (28) निवासी गरीब नवाज कॉलोनी से शराब पीने के लिए रुपए मांगे। जब शाहरुख ने रुपए देने से इंकार किया तो उसकी स्कॉर्पियो क्रमांक एमपी 21 सीए 1033 के कार के सभी कांच फोड़ दिए और नुकसान पहुंचाया। मामले में जांच के बाद मंगलवार को महाकाल थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया।
पुराने विवाद में चचेरे भाई का सिर फोड़ा
उज्जैन। चचेरे भाई का सिर फोडक़र घायल करने की घटना माकड़ौन थाना क्षेत्र में मंगलवार रात को सामने आई है। चरक अस्पताल में भर्ती पवन पिता देवीसिंह ग्राम ताथड़ी ने बताया वह गुजरात के पोरबंदर में मजदूरी कर रहा है। उसका करीब 4 साल पहले चचेरे भाई बहादुरसिंह पिता ईश्वर सिंह से मारपीट हो गई थी। इस मामले में बुधवार को कोर्ट में तारीख थी। इस कारण पवन गांव आया था। रात करीब 9 बजे पवन पर बहादुरसिंह ने हमला कर उसे घायल कर दिया। लोहे की रॉड से हुए हमले में पवन का सिर फूट गया।
नगर वन से लकडिय़ां ले जाने पर विवाद
उज्जैन। चामुंडा माता चौराहे के सामने स्थित नगर वन से लकडिय़ां ले जाने के मामले में बुधवार सुबह विवाद की स्थिति बन गई। नगर वन मेें पड़ी लकडिय़ां सुबह एक व्यक्ति एक्टिवा पर रखकर ले जा रहा था। उसे पशुपतिनाथ मंदिर पर मौजूद दर्शनार्थी मनोज शर्मा ने लकडिय़ां ले जाने से रोका तो वो खुद को नगर निगम कर्मचारी बताने लगा। विवाद बढ़ा तो घटना की सूचना उद्यान प्रभारी एमआईसी मेंबर शिवेंद्र तिवारी को दी। उन्होंने फोन पर ही लकडिय़ां नहीं ले जाने की हिदायत दी। इसके बाद मामला शांत हुआ और संबंधित व्यक्ति लकडिय़ां वहीं छोडक़र चला गया।
कार चालक पर केस
उज्जैन। शंकरपुर स्थित माधौपुर चौराहे पर 20 दिसंबर को कार क्र. एमपी 04टीबी 3166 के चालक ने बाइक से जा रहे रोहित पिता राधेश्याम यादव (15) निवासी बरोठिया और बंटी पिता रामप्रसाद अहिरवार (18) निवासी माकड़ौन को टक्कर मार दी थी जिससे रोहित की मौत हो गई थी और बंटी गंभीर घायल हुआ था। जांच के बाद मंगलवार को पंवासा पुलिस ने कार चालक पर केस दर्ज किया।









