ढाबा चलाने वाली पत्नी से कहा तू पैसे चुराती है, मोगरी से पीटा

महिला को बेटी ने चरक अस्पताल में भर्ती कराया

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। ढाबा चलाने वाली महिला पर पति ने गल्ले से रुपए चोरी करने का आरोप लगाया और उसे मोगरी से पीटकर घायल कर दिया। महिला को बेटी ने चरक अस्पताल में भर्ती कराया। महाकाल थाना पुलिस ने पति को हिरासत में लिया है। कुत्ताबावड़ी मुल्लापुरा क्षेत्र में रहने वाली तुलसीबाई जायसवाल पति धर्मेन्द्र जायसवाल ने बताया कि वह ढाबा चलाती है।
रात में पति ने हिसाब पूछा और गल्ले से रुपए चुराने का आरोप लगाकर मारपीट करने लगा। तुलसीबाई ने उसे पर्स की तलाशी भी दी लेकिन वह नहीं माना। बीच बचाव करने आई बेटी अंजलि को कमरे में बंद कर धर्मेन्द्र ने पत्नी की मोगरी व पाइप से पिटाई कर दी। इसी प्रकार घट्टिया थाना क्षेत्र के पारदी बडला में रहने वाली साइना पति रोहित के साथ उसके पति व रिश्तेदार ने मारपीट की। पुलिस ने बताया कि साइना अपने मायके में रह रही थी। पति उसे घर ले जाने गया तो विवाद हुआ था।
उज्जैन : शराब के रु.नहीं देने पर युवक को पीटा
उज्जैन। बदमाश ने युवक को धमका कर शराब के रुपए मांगे और रुपए नहीं देने पर पीट दिया। खाराकुआं थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया वजीर पार्क कॉलोनी निवासी शाहिद मुल्तानी को मदारगेट दरगाह अखाड़ा पर बदमाश ने रोका और शराब पीने के रुपए मांगे। रुपए नहीं देने पर बदमाश ने उसे पीटकर घायल कर दिया। इसी प्रकार अलखधाम नगर निवासी ईश्वर दास पिता तुलसीदास शर्मा के घर में घुसकर बदमाश ने मारपीट की जिसकी रिपोर्ट नीलगंगा थाने में दर्ज कराई गई।








