प्लॉट हमारे नाम करो, वरना जान से मार देंगे…

तोडफ़ोड़ करने वाले 3 बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा

आरोपियों के खिलाफ पहले से मारपीट के पांच केस दर्ज
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। बडऩगर थाना क्षेत्र के ग्राम नावदा में तलवार का डर दिखाकर प्लॉट अपने नाम करवाने के लिए घर और बाइक में तोडफ़ोड़ करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा है। सोमवार को कोर्ट में पेश कर बदमाशों को जेल भेज दिया। आरोपियों के खिलाफ पहले से पांच केस दर्ज हैं।
बडऩगर टीआई अशोक कुमार पाटीदार ने बताया कि ७ अप्रैल को फरियादिया आस्था पिता गणेश पाटीदार (23) निवासी ग्राम नावदा अपनी दादी कमलाबाई और भाई मयंक पाटीदार के साथ थाने पहुंची थीं। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि ६ अप्रैल की रात करीब १०.३० बजे मैं, दादी कमलाबाई और मां संगीताबाई घर पर थे तभी बबलू पिता हाकम सिंह, विशाल पिता हाकम सिंह, अरुण पिता दरबार सिंह राजपूत निवासी पायकुंडा और एक अन्य साथी घर आए।
विशाल के हाथ में तलवार थी और सभी गाली-गलौज कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तुमने हमारी जगह में चेर क्यों खोदी। इसी बीच बबलू ने लात मारकर दरवाजा तोड़ दिया। जान से मारने की धमकी देते हुए उन्होंने कहा कि तुम लोग गांव के बाहर वाला प्लाूट हमारे नाम कर दो, नहीं तो तुमको जान से मार देंगे।
इसके बाद घर के बाहर खड़ी बाइक में विशाल ने तलवार मारकर तोडफ़ोड़ की। मामले में पुलिस ने केस दर्ज बदमाशों की तलाश शुरू की और सोमवार को बबलू पिता हाकम सिंह राजपूत (19) निवासी नावदा, विशाल पिता हाकम सिंह राजपूत (२२) और अरुण पिता दरबार सिंह राजपूत (१९) निवासी शिक्षक कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया। इनसे तलवार जब्त कर कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया। आरोपी बबलू और विशाल आपराधिक प्रवृत्ति के हैं जिनके खिलाफ पहले से पांच प्रकरण दर्ज हैं।









