चामुंडा माता चौराहे पर ट्रक को ओवरटेक कर रोका, टामी से कांच और ड्राइवर का सिर फोड़ा

दोनों आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन। चामुंडा माता जैसे व्यस्ततम चौराहा, जहां से महज कुछ दूरी पर देवासगेट थाना है और दूसरी ओर सीएस चौक है। बावजूद इसके ट्रक ड्राइवर के साथ दो बदमाशों ने ना सिर्फ मारपीट की बल्कि ट्रक के कांच भी फोड़ दिए और 5 हजार रुपए छीन लिए। मामले में देवासगेट पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। देवासगेट पुलिस के मुताबिक घटना 20 मई की रात 10:30 बजे की है।
चामुंंडा माता चौराहा स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स के समीप से नजरपुर के सुतार मोहल्ला में रहने वाले शाहरुख पिता मोहम्मद शाह (30 ) ट्रक लेकर गुजर रहा था तभी मैजिक से आए इरशाद और सलमान ने ओवरटेक कर ट्रक को रोका और फिर टामी से ट्रक के कांच फोड़ दिए। जब शाहरुख ने विरोध किया तो उसके सिर पर भी टामी दे मारी जिससे वह घायल हो गया।
इसके बाद बदमाशों ने शाहरुख से 5 हजार रुपए छीन लिए और फरार हो गए। मामले में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 12 बजे पुलिस ने कायमी कर दोनों बदमाश इरशाद और सलमान को गिरफ्तार कर लिया। दोनों बेगमबाग और जीवाजीगंज के रहने वाले हैं।









