स्वाइन फ्लू ने ली उज्जैन निवासी महिला की जान

अक्षरविश्व न्यूज इंदौर/उज्जैन। इंदौर में स्वाइन फ्लू से उज्जैन की 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला का कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में इलाज चल रहा था। जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई है। अस्पताल के मुताबिक, मृतक की पहचान सरोज नागर (60) के रूप में हुई है। वे उज्जैन के ऋषि नगर की रहने वाली थीं।
तबीयत बिगडऩे के बाद उन्हें इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कई दिनों तक इलाज चलने के बाद उनकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसे मध्य प्रदेश में स्वाइन फ्लू से इस सीजन की पहली मौत बताया जा रहा है। मामले के बाद स्वास्थ्य विभाग संक्रमण को लेकर निगरानी और जरूरी जानकारी जुटा रहा है। परिजन के मुताबिक, सरोज नागर 31 जुलाई को बीमार हुई थीं। परिजन ने उन्हें स्थानीय अवंती अस्पताल में भर्ती कराया। हालत बिगडऩे पर इंदौर के कोकिलाबेन अस्पताल ले जाया गया था।









