रात 1 बजे देवासगेट पर युवक के पेट में ब्लेड मारी

उज्जैन। मंगलवार देर रात देवासगेट बस स्टैंड पर बदमाश ने युवक के पेट में ब्लेड से हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने बताया कि भोला उर्फ अभिषेक पिता शिवनारायण माली निवासी बहादुरगंज फूल मंडी में काम करता है। कल रात करीब 1 बजे वह देवासगेट बस स्टैंड काम्पलेक्स के पास पहुंचा। यहां उसे राजू वाल्मीकि मिला और पूछने लगा कि कहां जा रहा है। भोला ने उसकी बात का जवाब नहीं दिया तो राजू ने विवाद किया और पेट में ब्लेड मार दी। घायल भोला को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बालक पर चाकू से हमला
नागझिरी थाना क्षेत्र में बदमाश ने बालक पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने वीरेंद्र पिता मंगलसिंह जादौन निवासी दताना की रिपोर्ट पर हर्ष के खिलाफ केस दर्ज किया है। हर्ष ने शेरसिंह पिता नागूसिंह परिहार निवासी दाऊदखेड़ी पर नर्मदा वाटिका क्षेत्र में चाकू से हमला कर जान से मारने की धमकी दी। मंगलवार रात 1.30 बजे हुए विवाद में हर्ष भी घायल हुआ। उसने बताया कि शेरसिंह ने रणवीर सिंह की बर्थडे पार्टी में बुलाया था जहां शेरसिंह और उसके साथियों ने हमला किया।
रास्ते के विवाद में दादा-पोती से मारपीट
उज्जैन। रास्ते के विवाद को लेकर तीन लोगों ने दादा-पोती को डंडे, पाइप और पत्थर से हमला कर घायल कर दिया। चिंतामन थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया है। पुरुषोत्तम पिता नाथूलाल निवासी गोंदिया ने बताया कि उनकी पोती खुशी और बेटा अनिल बाइक से जा रहे थे तभी गांव में रहने वाले दिनेश, लक्की, रवि ने उन्हें रोककर विवाद किया। उक्त लोग पोती और बेटे से मारपीट कर रहे थे। बीच बचाव करने पर तीनों ने पुरुषोत्तम पर पाइप से हमला कर दिया। मारपीट में पुरुषोत्तम और उनकी पोती खुशी घायल हुए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जूते हटाने के लिए बुलानी पड़ी जेसीबी
उज्जैन। नागपंचमी और सावन के तीसरे सोमवार के दुर्लभ संयोग पर उज्जैन में उमड़े आस्था के अपार जनसैलाब ने शहर की व्यवस्थाओं और भीड़ के अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। दर्शन की आतुरता में देशभर से पहुंचे लाखों श्रद्धालु बिना किसी व्यवस्थित इंतजाम के अपने जूते-चप्पल रास्ते में ही बने जूता स्टैंड और आसपास के परिसरों में छोड़ गए। भीड़ इतनी अधिक थी कि श्रद्धालुओं के जूते-चप्पलों के विशाल ढेर लग गए। ढेरों को हटाने के लिए जेसीबी की मदद लेनी पड़ी।
गाय के घी के नमूने लिए, 31 लीटर जब्त
उज्जैन। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सूरज नगर स्थित चौरसिया एंटरप्राइजेज से नमस्ते इंडिया गाय का घी के 200 मिलीलीटर और 500 मिलीलीटर के नमूने लिए। और 31 लीटर गाय का घी (कीमत 19,710 रुपए) जब्त कर किया।









