बेकाबू कार ने स्टॉपर गिराया, टकराने से वृद्ध की मौत

पहले बाइक चालक को टक्कर मारी फिर स्टॉपर से टकराई तेज रफ्तार कार

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रविवार दोपहर तेज रफ्तार से लहराती हुई इको कार ने पहले बाइक चालक को टक्कर मारी फिर घर के बाहर स्टॉपर को टक्कर मार दी। ये स्टॉपर वृद्ध के सिर पर लगा और उनकी मौत हो गई। इसके बाद भी कार नहीं रुकी और भीड़ में घुसने लगी। लोगों ने इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई। जीवाजीगंज थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर वाहन जब्त किया है।
पुलिस ने बताया कि जूना सोमवारिया निवासी 60 वर्षीय पूरालाल पिता नरसिंग सिंदल घर के बाहर टहल रहे थे उसी दौरान इको कार क्रमांक एमपी 13 जेडके 3016 तेज रफ्तार से लहराती हुई आई। कार चालक ने पहले बाइक में टक्कर मारी उसके बाद स्टॉपर को। यह स्टॉपर वृद्ध पूरालाल के सिर में लगा। चोट से वृद्ध की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद भी कार नहीं रुकी और भीड़ की तरफ दौड़ी। राहगीरों ने इधर-उधर भागकर जान बचाई। कार रुकने के बाद ड्राइवर उतरकर भागने लगा जिसे लोगों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। कार चालक इंदौर का संदीप मालवीय है। वह बडऩगर से इंदौर जा रहा था।
इंदौर का युवक चला रहा था कार
टीआई विवेक कनोडिया ने बताया कि दुर्घटना के बाद कार चालक युवक को भीड़ ने पकड़ा और उसकी धुनाई शुरू कर दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ड्राइवर को लोगों से छुड़ाया और थाने लाए। युवक इंदौर का रहने वाला है। कार में वह अकेला ही था।









