भगवान महाकाल के दरबार में परिवार संग पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान

भस्मार्ती में हुए शामिल, मीडिया से बोले- बाबा महाकाल ने इतना कुछ दिया, वह भी ऐसे समय जब शायद मेरा सब कुछ छिन गया था

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक श्री महाकालेश्वर मंदिर में वीआईपी का आना-जाना लगातार जारी है। बुधवार तडक़े केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचे और भस्मार्ती में शामिल हुए।
पीले रंग के धोती-कुर्ता पहने चिराग ने नंदी हॉल में बैठकर आरती देखी। इस दौरान वह हाथ जोडक़र भगवान की भक्ति में लीन नजर आए। दर्शन के बाद मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासनिक अधिकारी आरपी गेहलोत और आशीष दुबे ने उनका सम्मान किया।
दर्शन के बाद चिराग पासवान मीडिया से भी रूबरू हुए। उन्होंने कहा बाबा महाकाल ने इतना कुछ दिया, ऐसे समय पर जब शायद मुझसे सब कुछ छिन गया था। बाबा का ही आशीर्वाद रहा कि आज मैं यहां तक पहुंचा हूं। आज मेरा पूरा परिवार, मेरी मां, मेरी बहन, मेरे जीजाजी, मेरे भांजे-भांजियां, मेरे तमाम साथी-सहयोगी, रिश्तेदार, आज सबके साथ महादेव का धन्यवाद करने आया हूं।
उन्होंने आगे कहा भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेने आया हूं और अपने लिए प्रण लेकर जा रहा हूं कि प्रधानमंत्री जी ने हमारे देश को विकसित देश बनाने का संकल्प दिया है जिसमें हम सभी प्रयासरत हैं। उनके इस संकल्प को हम पूरा कर सकें, आज मैं यही कामना करके जा रहा हूं।









