शिप्रा के तट पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की अनूठी तैयारी

प्रशिक्षित बच्चे पानी में करेंगे योग

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शहर में कई कार्यक्रम होंगे। प्रमुख कार्यक्रम कालिदास अकादमी में सुबह साढ़े छह बजे होगा। इसमें करीब ३००० बच्चों के शामिल होने की संभावना है। करीब एक घंटे तक यहां योगाचार्य योग कराएंगे।
शिप्रा नदी के तट पर सुबह ७ बजे एक अनूठा और प्रेरणादायक जल योग शिविर आयोजित किया जाएगा। यह पहल योग को एक नए आयाम में प्रस्तुत करेगी, जहां बच्चे पानी के भीतर विभिन्न योगासन और मुद्राएं प्रदर्शित करेंगे।
तैराकी सीख चुके बच्चों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है। आयोजक संतोष सोलंकी का कहना है कि जल में योग का अभ्यास न केवल अधिक चुनौतीपूर्ण है बल्कि यह शारीरिक और मानसिक ऊर्जा को भी बढ़ाता है। बच्चों को एक-दूसरे के ऊपर खड़ा करके या बैठाकर और पिरामिड जैसी रचनात्मक आकृतियां बनाकर योगासन मुद्राएं करवाई गई हैं। यह पहल बच्चों के लिए एक रोमांचक और यादगार अनुभव साबित होगा। उन्हें लग रहा है कि वे कुछ नया और विशेष कर रहे हैं।
शिविर में 6-7 साल की उम्र से लेकर 18-19 साल तक के युवा शामिल होंगे। प्रत्येक आयु वर्ग के बच्चों की क्षमताओं के अनुसार उन्हें अलग-अलग योगासन सिखाए गए हैं, ताकि हर बच्चा सहज महसूस करे और योग का पूरा आनंद ले सके। सोलंकी ने बताया कि कई लोग जमीन पर योग का अभ्यास करते हैं, वहीं जल में योग करना एक अनूठी कला है और इसे शिप्रा के पावन तट पर प्रस्तुत करना एक विशेष महत्व रखता है। उन्होंने बताया कि योग करते समय समिति से जुड़े प्रशिक्षक मौजूद रहेंगे।









