विक्रम यूनिवर्सिटी छात्रावास का कर्मचारी ट्रेन की चपेट में आया, मौत

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। विक्रम यूनिवर्सिटी छात्रावास का प्यून पटरी पार कर घर लौटते समय ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौत हो गई। जीआरपी ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया है।
पुलिस ने बताया कि संदीप पिता तेजाराम निवासी विक्रम नगर के पीछे भर्तृहरि नगर छात्रावास में ड्यूटी पूरी होने के बाद विक्रम नगर स्टेशन के पास से पटरी पार कर रहा था। तभी ट्रेन की चपेट में आ गया। जीआरपी ने मृतक की शिनाख्त के बाद शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। संदीप के 4 बच्चे हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
राजीनामा करने के लिए किराना दुकान संचालक को धमकाया
उज्जैन। दो बदमाशों ने किराना दुकान संचालक को पिस्टल जैसे दिखने वाले हथियार से धमकाया। पंवासा पुलिस ने आवेदन को जांच में लेकर बदमाश की तलाश शुरू की है। टीआई रवींद्र कटारे ने बताया कि सतीश नरवरिया निवासी वर्मा कॉलोनी की घर के बाहर ही किराना दुकान है।
शनिवार रात 11 बजे वह दुकान बंद कर घर जा रहा था तभी दो बदमाश बाइक से आए। सतीश को रोका और पिस्टल जैसे दिखने वाले हथियार से मारने की धमकी दी। सतीश ने थाने में आवेदन दिया जिसमें लिखा है कि सेठीनगर के बदमाश से रंजिश है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
इसी मामले में राजीनामा की बात को लेकर बदमाशों ने धमकी दी है। टीआई कटारे ने बताया वीडियो फुटेज चैक किए हैं जिसमें पिस्टल जैसा दिखने वाला हथियार लाइटर हो सकता है। एक बदमाश की पहचान हो गई है जिसे शीघ्र पकड़ लेंगे।









