पंवासा में सड़क पर भरा पानी विश्वबैंक कॉलोनी में रोड ही गायब

मानसून की मुसीबत
उज्जैन। मानसूनी सीजन ने मौसम को भले ही ठंडा कर दिया हो लेकिन बारिश की वजह से शहर में समस्याओं का अंबार भी खड़ा हो गया है। कहीं नाली जाम है तो कहीं कचरा नहीं उठ रहा है। सबसे बुरी स्थिति शहर के आउटर इलाकों में बसी कॉलोनियों की है, यहां सीवरेज प्रोजेक्ट और दीगर कारणों से सड़कें टूट गई हैं, ऐसे में आवागमन परेशानी वाला हो गया है।
सीवरेज प्रोजेक्ट से उखड़ी सड़क
वार्ड नंबर 40 के पंवासा इलाके में स्थित मल्टी में सीवरेज प्रोजेक्ट के लिए की गई खुदाई ने सड़क ही गायब कर दी है। हाल यह है कि पूरे इलाके में सड़क के नाम पर सिर्फ गड्ढे हैं और यह लोगों को मुंह चिढ़ा रहे हैं। बारिश के इस सीजन में तो और बुरा हाल हो गया है। हाल यह है कि पैदल तो निकलना भी मुश्किल हो रहा है। क्षेत्र के मोहित जाटवा कहते हैं कि शिकायत कर-करके थक गए हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
सड़क ही नहीं, कैसे निकले
वार्ड नंबर 4 में स्थित अतिरिक्त विश्व बैंक कॉलोनी में बारिश का सीजन मुसीबत लेकर आया है। कॉलोनी के पिछले हिस्से में सड़क ही नहीं है। ऐसे में कच्ची सड़क धंस रही है। रहवासी अनुजसिंह परिहार कहते हैं कि शिकायत कर-करके परेशान हो गए हैं। कोई सुनता ही नहीं।
अपने वार्ड की समस्या हमें भेजें
अगर आप भी अपने वार्ड में सड़क, गंदगी, कीचड़, पानी, बिजली की समस्या का सामना कर रहे हैं तो अपनी समस्या हमें भेजिए। इसे हम जिम्मेदारों तक पहुंचाएंगे। सूचना हमें मोबाइल नंबर 9826311828 पर दे सकते हैं।









