1939 में जहां थम गई थी खुदाई, वहीं से अब इतिहास खंगालेंगे

करीब नौ दशक बाद ऐतिहासिक बौद्ध स्तूप की खुदाई का रास्ता साफ
फिर शुरू होगी वैश्य टेकरी की खुदाई, सांची से भी बड़े 2300 साल पुराने बौद्ध स्तूप की तलाश
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। कानीपुरा स्थित वैश्य टेकरी एक बार फिर सुर्खियों में है। करीब नौ दशक बाद यहां ऐतिहासिक बौद्ध स्तूप की खुदाई का रास्ता साफ हो गया है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने इसके लिए मंजूरी दे दी है। माना जाता है कि वैश्य टेकरी की जमीन के नीचे करीब 2300 साल पुराना विशाल बौद्ध स्तूप दबा हुआ है, जो आकार में सांची के महास्तूप से भी बड़ा हो सकता है। 1939 में रहस्यमय परिस्थितियों में खुदाई का काम रोक दिया गया था। अब आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक तरीके से इस ऐतिहासिक स्थल के रहस्यों को उजागर करने की तैयारी है।
शिवकांत बाजपेयी संभालेंगे खुदाई की कमान
पुरातात्विक परियोजना के लिए पुरातत्वविद् शिवकांत बाजपेयी को निदेशक नियुक्त किया गया है। वे वैश्य टेकरी और प्राचीन उज्जैन के पुरातात्विक इतिहास का व्यापक अध्ययन कर चुके हैं। खुदाई का काम मध्य प्रदेश राज्य पुरातत्व विभाग और स्थानीय प्रशासन के संयुक्त सहयोग से किया जाएगा। संभाग आयुक्त आशीष सिंह ने भी जमीन सहित अन्य जरूरी संसाधनों में प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद देने की बात कही है।
1939 में अचानक रोकना पड़ा था काम
वैश्य टेकरी की 1938-39 में खुदाई की गई थी। इस दौरान गैस रिसाव की खबर के बाद कई मजदूरों के बेहोश होने की बात सामने आई थी। इसके बाद खुदाई का काम रोक दिया गया था। उस समय स्तूप की पूरी संरचना सामने नहीं आ सकी थी। अब करीब 90 साल बाद इस अधूरे पुरातात्विक अध्याय को फिर से शुरू किया जा रहा है।
तकनीक से जमीन के नीचे तलाशे अवशेष
खुदाई से पहले भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, राज्य पुरातत्व विभाग और मौलाना आजाद नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के विशेषज्ञों की संयुक्त टीम ने ग्राउंड-पेनेट्रेटिंग रडार सर्वे किया है। इस तकनीक में रेडियो तरंगों की मदद से जमीन के भीतर मौजूद संरचनाओं का पता लगाया जाता है। इसका फायदा यह है कि बिना खुदाई किए ही जमीन के नीचे दबे अवशेषों की स्थिति का अनुमान लगाया जा सकता है। इससे उन स्थानों की पहचान करने में मदद मिलेगी, जहां महत्वपूर्ण पुरातात्विक अवशेष मिलने की संभावना है।
सांची के महास्तूप से भी बड़ा होने का दावा
ग्वालियर राज्य के पुरातत्व विभाग की 1938-39 की वार्षिक रिपोर्ट में वैश्य टेकरी स्तूप को अब तक के सबसे बड़े स्तूपों में से एक बताया गया था। रिपोर्ट के अनुसार इसका व्यास करीब 350 फीट और ऊंचाई कम से कम 100 फीट हो सकती है। वहीं सांची के महास्तूप का व्यास लगभग 120 फीट और ऊंचाई 54 फीट है। इस आधार पर वैश्य टेकरी का स्तूप आकार में सांची के महास्तूप से काफी बड़ा है। इसे मौर्यकालीन यानी करीब 2300 साल पुराना स्मारक माना जाता है।
पहली खुदाई में मिली थी अनोखी निर्माण शैली
1938-39 की खुदाई में मुख्य स्तूप के कुछ हिस्सों के साथ दो छोटे स्तूपों के अवशेष भी मिले थे। इसकी निर्माण शैली भी काफी अलग थी। स्तूप का भीतरी हिस्सा स्थानीय मुरम को दबाकर तैयार किया गया था, जबकि बाहरी हिस्से में बड़ी-बड़ी ईंटों का इस्तेमाल हुआ था। कुछ ईंटें 22 इंच से भी अधिक लंबी थीं और इन्हें मिट्टी के गारे से जोड़ा गया था।
अशोक काल से जुड़ा हो सकता है स्तूप
वैश्य टेकरी से मिले पंचमार्क और अवंती के सिक्कों को इस स्थल के मौर्यकालीन होने का महत्वपूर्ण प्रमाण माना जाता है। पुरातात्विक रिपोर्ट में यह संभावना भी जताई गई थी कि यह सम्राट अशोक से जुड़े स्तूपों में से एक हो सकता है। शिवकांत बाजपेयी के अनुसार स्तूप का निर्माण अशोक के उज्जैन के गर्वनर रहने के दौरान होने की संभावना है। मान्यता है कि अशोक की पत्नी देवी विदिशा के एक प्रमुख व्यापारी की बेटी थीं। इसी व्यापारी संबंध के आधार पर वैश्य टेकरी नाम पडऩे की संभावना भी जताई जाती है।
इनका कहना है
करीब एक माह के अंदर खुदाई का काम फिर से शुरू होने की संभावना है। इसके पहले उज्जैन आकर स्थिति का अवलोकन जरूर किया जाएगा।
– डॉ. शिवकांत वाजपेयी









