नशे में कर रहा था चिल्ला चोट समझाने गए तो की मारपीट

महिला और उसके दोनों बेटे घायल, मां के सिर में लगाने पड़े 17 टांके

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। चिंतामण थाना क्षेत्र के फतेहाबाद में शराब के नशे में चिल्ला चोट कर रहे शख्स को समझाना, महिला और उसके बेटों को भारी पड़ गया। उनके साथ जमकर मारपीट की गई जिसमें वह घायल हो गए। इनका इलाज अलग-अलग अस्पताल में चल रहा है।
चरक अस्पताल में भर्ती घायल का नाम आशाबाई पति पुष्कर दास (५०) निवासी फतेहाबाद है। बेटी मोनिका ने बताया कि उनके दूर के चाचा बनवारीदास बैरागी शनिवार रात मेरे भाई दर्शन का नाम लेकर चिल्ला चोट कर रहे थे, जब मां आशाबाई उन्हें समझाने गई तो बनवारीदास के बेटे सनी और दिलीप आए और उन्होंने मां आशाबाई, बड़े भाई देवेंद्र, छोटे भाई दर्शन पर हाथ में पहनने वाले कड़े से वार किया जिससे मां आशाबाई और दर्शन के सिर से खून बहने लगा।
इस दौरान बीच-बचाव करने आई दादी कमाबाई को भी चोट लगी है। आशाबाई को ज्यादा चोट लगने पर चंद्रावतीगंज स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया जहां हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें लेकर रविवार को चरक अस्पताल पहुंचे, यहां आशाबाई के सिर में १७ टांके लगाने पड़े। वहीं दर्शन को सिर में ४ टांके आए हैं और बड़ा भाई देवेंद्र भी घायल है जो फतेहाबाद में भर्ती है। मोनिका ने बताया कि बनवारीदास को शक है कि उनकी बेटी से मेरा भाई दर्शन बात करता है, इसी बात को लेकर वह चिल्ला चोट कर रहा था और बाद में समझाइश देने पर मारपीट की। मामले में चिंतामण थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।
लेनदेन में पीटा
उज्जैन देवासगेट थाना क्षेत्र में लेन-देन के विवाद में एक युवक को पीट दिया गया। मताना मान सरोवर थाना खुडै़ल जिला इंदौर निवासी 32 वर्षीय आकाश पिता हुकमसिंह मालवीय पेशे से ड्राइवर है। वह इंदौर के अमित गुप्ता का वाहन चलाता है। इनके बीच पेमेंट को लेकर विवाद हुआ। इसके चलते अमित ने उज्जैन रेलवे स्टेशन के सामने आकाश को पीट दिया। मारपीट की घटना में आकाश घायल हो गया, उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।









