श्री सिंथेटिक्स फैक्ट्री में ले जाकर महिला से दुष्कर्म

किराए का मकान दिलाने का झांसा देकर साथ लाया था बदमाश

उज्जैन। मक्सी रोड स्थित बंद पड़ी श्री सिंथेटिक्स फैक्ट्री में महिला को ले जाकर बदमाश ने दुष्कर्म किया। महिला ने पंवासा थाने पहुंचकर बदमाश के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने बताया कि विजयगंज मंडी थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाली 55 वर्षीय महिला का परिचय मकान मालिक के यहां आने वाले सलमान उर्फ अरमान पिता जब्बार शाह निवासी पंचकुआ शंकरपुर से हुआ। महिला ने सलमान से किराए का मकान दिलाने की बात कही।
8 जनवरी को सलमान महिला को मकान दिखाने के बहाने अपने साथ ले आया। पालखंदा में रुककर उसने शराब खरीदी और फिर मक्सी रोड स्थित श्री सिंथेटिक्स फैक्ट्री ले गया। यहां शराब पीने के बाद उसने महिला से दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। दुष्कर्म से आहत महिला राहगीरों से रास्ता पूछकर पंवासा थाने पहुंची। पुलिस ने बताया कि सलमान आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ थाने में पूर्व से मारपीट, चोरी जैसे प्रकरण दर्ज हैं।
बाइक चालक ने स्कूटी में टक्कर मारी, 1 घायल
उज्जैन। सुभाष नगर निवासी 44 वर्षीय शैलेष जैन पिता विनोद कुमार जैन की स्कूटी को निर्माणाधीन मॉल के सामने नानाखेड़ा पर बाइक चालक ने अपना वाहन रांग साइड चलाकर टक्कर मार दी जिससे शैलेष जैन घायल हो गए। उन्होंने नानाखेड़ा थाने में केस दर्ज कराया।









