मिक्सर मशीन ने टक्कर मारी, महिला का हाथ कटा

चिमनगंज मंडी पुलिस ने उत्तरप्रदेश के चालक को पकड़ा, वाहन भी किया जब्त
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शुक्रवार को आगर रोड पर गाड़ी अड्डा चौराहे पर मिक्सर मशीन वाहन की टक्कर से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि उसका हाथ भी काटना पड़ा है। मामले में चिमनगंज मंडी पुलिस ने वाहन जब्त करते हुए चालक को पकड़ा है जो यूपी का रहने वाला है। फिलहाल महिला का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
चिमनगंज मंडी पुलिस ने बताया कि घटना शुक्रवार रात 8.30 बजे की है। घायल का नाम तबस्सुम बी पति गुलाम दस्तगीर (35 निवासी ताजपुर है। गाड़ी अड्डा चौराहे पर मटेरियल मिक्सर वाहन ने उनको टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी गई और घायल महिला को चरक अस्पताल भिजवाया गया। जहां से हालत गंभीर होने पर परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए हैं। संभवत: कोहनी से उसका हाथ काटना पड़ा है। मामले में पुलिस ने मिक्सर मशीन के चालक बलजीत पिता रामखिलावन निवासी यूपी को पकड़कर वाहन जब्त किया है। मामले में फिलहाल किसी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई है।
15मिनट तक लगा जाम
घटना इतनी भीषण थी कि गाड़ी अड्डा चौराहे पर जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। करीब 15 मिनट तक ऐसी ही स्थिति रही जिससे वाहन चालक परेशान होते रहे। इस बीच पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाने के बाद जाम को खुलवाया।









