जहर खाने के 3 दिन बाद बिगड़ी महिला की तबीयत

दो दिन चले इलाज के बाद तोड़ दिया दम
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। एक महिला ने अज्ञात कारणों के चलते घर में जहर खा लिया। तीन दिनों तक वह सामान्य रही और चौथे दिन उसकी तबियत बिगड़ी। परिजन उसे अस्पताल ले गए जहां दो दिन उपचार के बाद महिला की मौत हो गई। चिमनगंज थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया।
पुलिस ने बताया कि सुमराखेड़ा तराना में रहने वाली नेहा कुंवर पति विनोद ने 17 मार्च को घर में जहर खा लिया था। 19 मार्च तक वह घर में सामान्य रही। अगले दिन उसकी तबीयत बिगड़ी तो परिजन प्राइवेट अस्पताल लेकर गए। वहां डॉक्टर ने बुखार की दवाई दी। परिजन उसे घर ले आए। उसकी फिर तबीयत बिगड़ी तो उज्जैन लेकर आए। यहां प्राइवेट अस्पताल में उपचार के दौरान नेहा कुंवर ने परिजन को बताया कि उसने जहर खा लिया था।
नीलगंगा थाना पुलिस ने सूचना मिलने पर उसके बयान दर्ज किए। यहां से नेहा को आरडी गार्डी अस्पताल रैफर किया गया जहां कल उसकी मौत हो गई। उसके देवर विष्णु मालवीय ने बताया कि नेहा के दो बच्चे हैं। पति मजदूरी करता है। मायका चकरावदा में है। उसने किन कारणों के चलते जहर खाया इसकी जानकारी नहीं है।









