आयशर और टैंकर की भिड़ंत, इंदौर ले जाते वक्त चालक ने दम तोड़ा

मृतक प्रयागराज का रहने वाला, चावल लेकर जा रहा था

उज्जैन। चिंतामण गणेश थाना क्षेत्र के ग्राम चंदूखेड़ी और नलवा के बीच मंगलवार शाम आयशर और टैंकर की भिड़ंत हो गई। इससे टैंकर पलट गया और आयशर आगे से पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में आयशर चालक गंभीर घायल हो गया जिसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां से इंदौर रैफर किया गया लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
चिंतामण थाने के एएसआई गौरीशंकर यादव ने बताया घटना शाम 3.45 से 4 बजे के बीच की है। तेज रफ्तार से आ रहा आयशर चंदूखेड़ी और नलवा के बीच पौधों में पानी डाल रहे टैंकर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि आयशर का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया और टैंकर पलट गया। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ लग गई जिन्होंने आयशर में फंसे चालक को निकाला। उसके दोनों पैर बुरी तरह से टूट चुके थे।
इसके बाद एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने एम्बुलेंस से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जहां हालत गंभीर होने पर उसे इंदौर रैफर किया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक का नाम विवेक पिता मुन्नीलाल यादव निवासी प्रयागराज है। वह २७ अप्रैल को कटनी से आयशर में चावल भरकर अहमदाबाद (गुजरात) ले जा रहा था। पुलिस ने बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। टैंकर चालक भी घायल बताया जा रहा है।









