खाटू श्याम से सीधी ट्रेन कल से, उज्जैन के यात्रियों को फतेहाबाद से मिलेगी रेल

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। खाटू श्याम के लिए सीधी रेल सेवा गुरुवार से प्रारंभ हो रही है। शुक्रवार 3 अप्रैल से इंदौर (लक्ष्मीबाई नगर) से श्रीगंगानंगर जाने वाली स्पेशल ट्रेन वाया रिंगस स्टेशन होते हुए जाएगी। उज्जैन के यात्रियों को इस ट्रेन से इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन या फतेहाबाद स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करना होगी।

इसके अलावा खाटू श्याम के लिए इंदौर से हमसफर एक्सप्रेस (20497) प्रत्येक गुरुवार और महामना एक्सप्रेस (19333) भी प्रत्येक शनिवार को रिंगस होते हुए चलती है। यह ट्रेनें भी फतेहाबाद-रतलाम होते हुए जाती हैं। रेल मंडल पीआरओ मुकेश कुमार ने बताया कि रेलवे स्पेशल ट्रेन का संचालन 2 अप्रैल से 10 जुलाई तक करेगा। स्पेशल ट्रेन हर गुरुवार को श्रीगंगानगर से, जबकि हर शुक्रवार को इंदौर से रवाना होगी।
यह रहेगा शेड्यूल
लक्ष्मीबाईनगर इंदौर (04736) से हर शुक्रवार दोपहर 1.55 बजे रवाना होगी। फतेहाबाद पर दोपहर २.१५ बजे होते हुए ट्रेन रात 1.55 बजे रिंगस पहुंचेगी। यह ट्रेन अगले दिन दोपहर 12.20 बजे श्रीगंगानगर पहुंचेगी। ट्रेन 3 अप्रैल से 10 जुलाई तक हर शुक्रवार को चलेगी।
श्रीगंगानगर (04735) से ट्रेन हर गुरुवार को दोपहर 12.50 बजे चलेगी। ट्रेन रात 9.50 बजे रिंगस पहुंचेगी। ट्रेन अगले दिन सुबह 9.22 बजे फतेहाबाद और 9.55 बजे लक्ष्मीबाई नगर (इंदौर) आएगी। ट्रेन 2 अप्रैल से 9 जुलाई तक चलेगी।
स्टापेज – यह ट्रेन दोनों दिशाओं में फतेहाबाद, रतलाम, मंदसौर, नीमच, चित्तौडग़ढ़, भीलवाड़ा, लक्ष्मीबाईनगर से श्रीगंगानगर अजमेर, किशनगढ़, फुलेरा, रींगस, सीकर, लछमन गढ़ सीकर, फतेहपुर शेखावती, चूरू, सादुलपुर, तहसील भद्रा, नोहर, एलेनबाद, हनुमानगढ़ एवं सादुलशहर स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में एसी 2, एसी 3, स्लीपर क्लास एवं जनरल कोच होंगे।









