गाड़ी टकराने के विवाद में पुलिस को आरोपियों की तलाश

उज्जैन। गाड़ी टकराने की बात पर दशहरा मैदान में हुआ विवाद इंदिरानगर तक पहुंच गया। इसमें तीन युवक घायल हुए थे। मामले में चिमनगंज पुलिस प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

दरअसल, 11वीं का छात्र जय उर्फ गोलू पिता प्रकाश धन्नानी निवासी अवंतिपुरा 12 जून को दोपहर में अपने दोस्त प्रणय यादव और कार्तिक यादव के साथ दशहरा मैदान स्थित कैफे पर गया था। यहां उनकी स्कूटी को कार ने टक्कर मार दी थी। उन्होंने कार चालक को वाहन ठीक से चलाने को कहा तो उसने गाड़ी चढ़ाने का प्रयास और फिर कार लेकर भाग निकला।
उन्होंने पीछा किया तो पाटीदार ब्रिज पर फिर स्कूटी को टक्कर मार दी। इसके बाद कार चालक का पीछा करते हुए तीनों युवक इंदिरानगर चौराहे पहुंचे तो कार चालक ने हथियारों से लैस अपने 8-10साथियों को बुला लिया और उन पर हमला कर दिया जिसमें जय, प्रणय और कार्तिक तीनों घायल हो गए। मामले में पुलिस ने कृष्णा नामदेव, हर्षवर्धन हाड, अथर्व, कृष्णा, मोक्ष, विकास सहित अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।









