जूना सोमवारिया में हटाया अतिक्रमण

स्टे खारिज होने पर मुक्त करवाई 40 हजार स्क्वेयर फीट जमीन

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नगर निगम की टीम ने सोमवार को जूना सोमवारिया क्षेत्र में पानी की टंकी के पास सिंहस्थ क्षेत्र की भूमि मुक्त करवाई। करीब 40 हजार स्क्वेयर फीट जमीन पर १७ मकान, दुकान और गोदाम बनाए गए थे। मामला कोर्ट तक पहुंचा था। वहां से स्टे खारिज करने के बाद टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची थी।
दरअसल, पानी की टंकी से लगी इस भूमि पर कबाड़े वाले, लकड़ी की टालवालों के साथ आम आदमी ने भी मकान बनाकर कब्जा कर रखा था। सिंहस्थ की दृष्टि से यह क्षेत्र खास होने के कारण नगर निगम ने इन्हें हटाना तय किया था लेकिन कब्जाधारी कोर्ट पहुंच गए थे। निगम के वकीलों ने भी अपना पक्ष मुस्तैदी से रखा था, हाल ही में जब स्टे खारिज हुआ तो नगर निगम ने अतिक्रमण हटाना तय किया। तहसीलदार की अगुवाई में गई टीम में नगर निगम के एसई संतोष गुप्ता, भवन अधिकारी राजकुमार राठौर और बिल्डिंग इंस्पेक्टर शिवम गुप्ता प्रमुख रूप से उपस्थित थे। टीम ने गोदाम, दुकान जेसीबी की मदद से कब्जा हटा दिया। निगम की टीम को यहां पर विरोध की आशंका थी इसलिए पुलिस बल भी साथ रखा था लेकिन ऐसी स्थिति नहीं बनी।
17 अवैध मकान-दुकान थे
जूना सोमवारिया पानी की टंकी के पास 17 अवैध अतिक्रमण थे। कोर्ट से स्टे खारिज होने के बाद इन्हें नोटिस दिया गया था। नोटिस की अवधि पूरी होने के बाद इन्हें हटा दिया गया।
राजकुमार राठौर, भवन अधिकारी, झोन 1









