ढांचा भवन में आधी रात एक्टिवा से आए नकाबपोशों ने स्टूडेंट को मारी गोली

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। चिमनगंज थाना क्षेत्र स्थित ढांचा भवन इलाके में शनिवार रात 12 बजे गोली चलने की घटना से सनसनी फैल गई। हमले में 18 वर्षीय छात्र घायल हुआ है जिसके पैर में गोली लगी है। हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद घायल युवक खुद खून से लथपथ हालत में थाने पहुंचा, जहां से पुलिस ने उसे चरक अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।

ढांचा भवन निवासी अतीक (18) पिता विपिन माहुलकर देर रात चिमनगंज थाने पहुंचा। उसने पुलिस को बताया कि वह घर के पास था तभी एक्टिवा पर सवार होकर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने उस पर फायर कर दिया। गोली अतीक की जांघ पर लगी और घुटने के पास से आर-पार निकल गई। उसकी हालत देख उपनिरीक्षक लिबिन खेस और जयदीप राठौर ने तुरंत उसे उपचार के लिए चरक अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल युवक की स्थिति खतरे से बाहर है।
रौनक गुर्जर का साथी है घायल: घायल अतीक ने बताया कि उसने हाल ही में कक्षा 12वीं की परीक्षा दी है और उसके पिता आर्मी से रिटायर्ड हैं। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि करीब एक माह पहले उसका मोहननगर के आला बाथम से विवाद हुआ था। हमलावर मुंह पर कपड़ा बांधे थे लेकिन हाथ पर बने टेटू के आधार पर अतीक ने आला पर हमले की शंका जाहिर की है। टीआई विवेक कनोडिय़ा ने बताया कि घायल युवक क्षेत्र के बदमाश रौनक गुर्जर का साथी है। उसके बयान के आधार सीसीटीवी फुटेज आदि की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।









