महाप्रभुजी की बैठक में नंद उत्सव

पुरुषोत्तम मास का श्रीगणेश : पहले दिन एक हजार दर्शनार्थी निकले 84 महादेव की यात्रा पर
प्रथम महादेव का पूजन व संकल्प के साथ श्रद्धालु 84 महादेव यात्रा पर निकले
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। दान, पुण्य और आध्यत्म के लिए प्रसिद्ध अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) रविवार से प्रारंभ हो गया है। इसी के साथ मंदिरों में धार्मिक आयोजन भी प्रारंभ हो गए हैं। महाप्रभुजी की बैठक में नंद उत्सव मनाया गया। जिसमें बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। आज से ही 84 महादेव की यात्रा शुरू हो गई है। पहले ही दिन करीब १००० से अधिक श्रद्धालु यात्रा पर निकले। संतोषी माता मंदिर प्रांगण स्थित 84 महादेव के प्रथम श्री अगस्त्येश्वर महादेव की पूजन और संकल्प के साथ यात्रा प्रारंभ हुई। पुजारी भरतपुरी गोस्वामी ने बताया कि सुबह 6 बजे से ही यात्रियों का आना प्रारंभ हो गया था। तेज गर्मी के कारण लोगों ने जल्दी यात्रा प्रारंभ कर दी।
पुष्टी मार्ग के अधिकमास महोत्सव शुरू : पुष्टि मार्ग का अधिकमास महोत्सव रविवार सुबह सांदीपनि आश्रम स्थित महाप्रभु जी बैठक में नंद उत्सव के साथ प्रारंभ हुआ। इस दौरान ठाकुर जी को पालने में झुलाया गया। वैष्णवजन ने नंद बाबा और माता यशोदा के रूप मेें ठाकुरजी को पालने में झुलाया। माखन-मिश्री का भोग लगाकर प्रसाद वितरित किया। बच्चों को खिलौनों का वितरण किया गया। शाम 6 बजे महाप्रभुजी की बैठक से सुरभि गार्डन तक डीजे और बैंड-बाजों के साथ कलश व शोभायात्रा निकाली जाएगी। रात 8 बजे सुरभि गार्डन में वल्लभ वैष्णव मंडल, युवा मंडल और महिला मंडल के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह होगा।
महाकाल मंदिर में गेट नंबर 1 व 11 से मिलेगा प्रवेश
84 महादेव यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं को महाकाल मंदिर में गेट नंबर 1 (अवंतिका द्वार) और गेट नंबर 11(बड़ा गणेश के सामने टनल का निर्गम) से अंदर प्रवेश मिलेगा। मंदिर प्रांगण में 84 महादेव के 4 मंदिर हैं। सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने बताया कि 84 महादेव यात्रियों को प्रवेश के लिए सुरक्षा गार्ड को निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।









