होर्मुज स्ट्रेट में तनाव: ईरान ने भारत आ रहे जहाज को रोका

पश्चिम एशिया में एक बार फिर समुद्री तनाव बढ़ गया है। Islamic Revolutionary Guard Corps (IRGC) ने होर्मुज स्ट्रेट में भारत की ओर आ रहे एक कंटेनर जहाज को रोककर अपने कब्जे में ले लिया है। ईरान का कहना है कि जहाज बिना अनुमति इस संवेदनशील मार्ग से गुजर रहा था।

मुंद्रा पोर्ट की ओर जा रहा था जहाज
जानकारी के मुताबिक लाइबेरिया के झंडे वाला “एपामिनोडेस” नाम का यह कंटेनर शिप गुजरात के Mundra Port की ओर आ रहा था। ईरानी नौसेना का दावा है कि जहाज के नेविगेशन सिस्टम में छेड़छाड़ की गई थी, जिससे समुद्री सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हुआ।
दो अन्य जहाजों पर भी कार्रवाई
IRGC ने कार्रवाई के दौरान जहाज को इंटरसेप्ट कर अपने नियंत्रण में लिया और उसे ईरानी तट की ओर ले जाया गया।इसके अलावा “फ्रांसेस्का” नाम के एक अन्य जहाज को भी जब्त किया गया है, जिसे इजराइल से जुड़ा बताया जा रहा है। वहीं “यूफोरिया” नाम के जहाज पर हमले की खबर भी सामने आई है।
पहले भी हुई थीं हमले और फायरिंग की घटनाएं
इससे पहले भी क्षेत्र में तनाव के बीच एक जहाज पर फायरिंग और ओमान तट के पास एक अन्य जहाज के क्षतिग्रस्त होने की खबरें सामने आई थीं, जिससे वैश्विक समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
सीजफायर पर Donald Trump का बयान
इस बीच, Donald Trump ने कहा है कि अमेरिका ने पाकिस्तान के अनुरोध पर ईरान के साथ जारी सीजफायर को आगे बढ़ाने का फैसला किया है।उन्होंने बताया कि Shehbaz Sharif और Asim Munir ने ईरान को समय देने के लिए हमले रोकने की अपील की थी।
ट्रम्प के अनुसार, अमेरिकी सेना को फिलहाल हमले रोकने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन उन्हें पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है। साथ ही ईरान पर दबाव बनाए रखने के लिए नाकेबंदी जारी रहेगी।
कब तक जारी रहेगा सीजफायर?
ट्रम्प ने स्पष्ट किया कि युद्धविराम तब तक जारी रहेगा, जब तक ईरान अपनी ओर से ठोस और एकजुट प्रस्ताव पेश नहीं करता और बातचीत पूरी नहीं हो जाती।इस घटनाक्रम के बाद होर्मुज स्ट्रेट में तनाव और बढ़ने की आशंका है, जो वैश्विक व्यापार और तेल आपूर्ति पर भी असर डाल सकता है।









