धार में तेंदुए का आतंक: रिहायशी बस्ती में घुसकर किया हमला, 4 घायल

मध्यप्रदेश के धार जिले के धामनोद वन परिक्षेत्र अंतर्गत गुजरी गांव की डेहरिया बस्ती में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जंगल से निकलकर एक Leopard अचानक रिहायशी इलाके में घुस आया। देखते ही देखते गांव का माहौल दहशत में बदल गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए।

अचानक हमला, संभलने का नहीं मिला मौका
मंगलवार को झाड़ियों से निकलकर बस्ती में पहुंचे तेंदुए ने सामने आए लोगों पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज और अचानक था कि ग्रामीणों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
4 लोग घायल, महिला भी शामिल
इस घटना में चार लोग घायल हो गए, जिनमें महेश वास्केल, ग्यारसीलाल सोलंकी, कांताबाई राठौड़ और विकास डावर शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुजरी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस दौरान वन विभाग का एक कर्मचारी भी घायल हुआ है।
गांव में दहशत, घरों में कैद हुए लोग
घटना के बाद पूरे गांव में डर का माहौल बन गया। लोगों ने एहतियातन अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए। बच्चे और बुजुर्ग खासतौर पर सहमे हुए नजर आए, जबकि पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा रहा।
वन विभाग का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। तेंदुए को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, हालांकि खबर लिखे जाने तक वह पकड़ में नहीं आया है।
ग्रामीणों को अलर्ट रहने की सलाह
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें और अकेले खेत या जंगल की ओर जाने से बचें। गांव में माइकिंग के जरिए लोगों को सतर्क किया जा रहा है और निगरानी बढ़ा दी गई है।









