मानसूनी सीजन में घूम आइए पातालपानी, कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन शुरू

हर शुक्रवार, शनिवार व रविवार को पातालपानी से सुबह 11:05 बजे चलेगी, दोपहर 1:05 बजे पहुंचेगी कालाकुंड
उज्जैन। प्राकृतिक दृश्यावली का आनंद लेने वालों के लिए खुश खबर है कि रेलवे की पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन शुरू हो गई है। यह ट्रेन हर शुक्रवार, शनिवार और रविवार को पातालपानी से चलेगी। ट्रेन में आने-जाने का अलग-अलग टिकट लगेगा। एक तरफ एसी चेयर कार का किराया 270 रुपए एवं नॉन एसी चेयर कार का किराया 20 रुपए प्रति व्यक्ति रहेगा।
ट्रेन का रैक मेंटेनेंस के लिए बीकानेर गया था इसलिए इस बार यह ट्रेन सुविधा समय पर शुरू नहीं हो पाई थी। चार दिन पहले मालगाड़ी से रैक इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन पहुंचा। यहां से मालगाड़ी में ही लादकर पातालपानी पहुंचाया जहां क्रेन से डिब्बों को ट्रैक पर उतारा और ट्रेन के इंजन के साथ डिब्बों को अलाइनमेंट किया गया। इस प्रक्रिया के बाद ट्रायल रन लिया जिसमें ट्रेन के रैक, रेलवे ट्रैक, संचालन व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। जांच में पूर्ण संतुष्टि के बाद रेल प्रशासन ने शुक्रवार से ट्रेन शुरू कर दी। यह वीकेंड के तीन दिन शुक्रवार, शनिवार और रविवार को चलेगी।
पातालपानी से 11:05 बजे चलकर शाम 4:30 बजे लौटेगी: रेल मंडल पीआरओ मुकेशकुमार ने बताया ट्रेन संख्या 52965 पातालपानी – कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन 11:05 बजे पातालपानी से चलकर दोपहर 1:05 बजे कालाकुंड पहुंचेगी तथा वापसी में ट्रेन संख्या 52966 कालाकुंड से दोपहर 03:34 बजे चलकर ०4:30 बजे पातालपानी पहुंचेगी। इस ट्रेन में दो एसी चेयरकार एवं चार नॉन एसी चेयर कार कोच रहेंगे।
ये है खास
पूरे भारत में मीटरगेज लाइन को ब्रॉडगेज में बदल लिया परंतु यह ट्रैक आज भी मीटर गेज ही है।
पातालपानी से कालाकुंड तक दूरी 9.5 किलोमीटर है।
इस ट्रैक पर 4 सुरंगें, 24 तीखे मोड़, 6 बड़े पुल और 35 छोटे पुल हैं।
सन 1878 में होल्कर स्टेट रेलवे के अंतर्गत इसका निर्माण किया गया था। पातालपानी रेल्वे स्टेशन भी उसी समय बना था।
रेलवे ने 2018 में इसे संरक्षित घोषित किया।
25 दिसंबर 2018 से हेरिटेज ट्रेन की शुरुआत हुई।
पिछले साल 26 जुलाई से 16 नवंबर 2025 तक चली थी ट्रेन।
15 सितंबर को इंदौर से चलेगी भारत गौरव पर्यटन ट्रेन
उज्जैन। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कार्पोरेशन द्वारा भारत गौरव पर्यटन ट्रेन १५ सितंबर को इंदौर से चलाई जाएगी। 11 दिन और 10 रात की यात्रा में पुरी, गंगासागर, वाराणसी, अयोध्या सहित अन्य तीर्थस्थलों का भ्रमण करवाकर देव स्थानों के दर्शन करवाए जाएंगे। इंदौर से रवाना होकर उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति, इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी और अनूपपुर स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इन सभी स्टेशनों से यात्री ट्रेन में सवार हो सकेंगे।
आईआरसीटीसी के राहुल होल्कर ने बताया 10 रात और 11 दिन की इस धार्मिक यात्रा के लिए स्लीपर क्लास 19,600 रुपए, थर्ड एसी 31,850 रुपए, सेकंड एसी 41,900 रुपए शुल्क प्रतिव्यक्ति निर्धारित किया है। यात्रा के दौरान भोजन, स्थानीय परिवहन के लिए बसों की व्यवस्था, होटल में ठहरने की सुविधा, टूर एस्कॉर्ट, यात्रा बीमा, सुरक्षा व्यवस्था तथा हाउस कीपिंग जैसी सेवाएं शामिल रहेंगी। यात्रा के लिए आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट तथा अधिकृत एजेंटों के माध्यम से बुकिंग करा सकते हैं। इसके अलावा इंदौर, भोपाल, जबलपुर और नागपुर स्थित आईआरसीटीसी कार्यालयों में भी जानकारी और बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी।









