पत्नी के अवैध संबंध की शंका में होटल के शैफ ने फांसी लगाई…

By AV NEWS

पत्नी के अवैध संबंध की शंका में शेफ ने फांसी लगाई…

युवक का ससुर से हुआ विवाद

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:पत्नी के अवैध संबंध की आशंका में इंदौर रोड़ स्थित एक प्रतिष्ठित होटल के शैफ ने शनिवार-रविवार की दरमियानी रात घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मां ने रात 1 बजे उसे फंदे पर लटका देखा। इसके बाद बड़े भाई को बताया। सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची और जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया नृसिंह घाट कॉलोनी के रहने वाले योगेश पिता सुरेश टटवाल ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। भाई रवि टटवाल के अनुसार मृतक योगेश नृसिंह घाट कॉलोनी मल्टी के आई ब्लॉक में रहता है। जबकि वो स्वयं जी ब्लाक में रहता है। 25 जुलाई को योगेश का पत्नी से विवाद हुआ था।

पड़ोसियों ने उसे बताया था कि उसकी गैर मौजूदगी में कोई व्यक्ति उसकी पत्नी से मिलने आया था। इस बारे में जब उसने पत्नी कोमल से पूछा तो दोनों के बीच विवाद हो गया। इस पर पत्नी घर छोड़कर अपनी ३ साल की बच्ची को साथ लेकर मायके चली गई। 2 अगस्त को योगेश उसे लेने के लिए पिंगलेश्वर स्थित अपने ससुराल गया। यहां ससुर से कहासुनी के बाद वो पत्नी को साथ लिए बगैर वापस लौट आया। चार दिन से गुमसुम था किसी से बात नहीं कर रहा था। ड्यूटी के लिए होटल भी नहीं जा रहा था। शनिवार रात वह घर पर अकेला था।

मां रामकन्या भी इंदौर रोड़ स्थित होटल में खाना बनाने का काम करती है। रात 1 बजे जब मां घर आई तो दरवाजा बंद मिला। उसने आवाज लगाई तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। आवाज सुनकर आसपास रहने वाले पड़ोसी जाग गए। उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो योगेश पंखे पर बने फंदे से लटका हुआ था। मां चिल्लाते हुए जी ब्लॉक में रहने वाले बडे बेटे रवि के पास आई। दरवाजा तोड़कर योगेश को फंदे से उतारा और डायल 100 पर कॉल कर पुलिस बुलाई। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम कराया और रविवार सुबह परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

Share This Article