मानसून की विदाई करीब, सीजन में अब तक 833 मिमी बारिश
उज्जैन। मानसून की विदाई करीब हैं। एक पखवाड़े से बारिश थमी हुई थी। ऐसा लगा रहा था अब शायद ही बारिश हो लेकिन शनिवार से फिर सिस्टम सक्रिय हुआ। तेज गर्जना के साथ आधे घंटे की बारिश से शहर तरबतर हो गया। मौसम विभाग ने १४ सितंबर तक बारिश की संभावना जताई हैं।
शनिवार को सुबह 11 बजे बाद आसमान में बादलों की गतिविधियां बढ़ गई। दोपहर तीन बजे से मौसम का मिजाज बदला और पहले हल्की फिर तेज बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे की बारिश ने शहर को तरबतर कर दिया। करीब १७ दिनों बाद शहर में बारिश हुई।
इस बीच गर्मी और उमस ने बेहाल कर दिया था। तापमान भी ३३ डिग्री के पार हो गया था। कल हुई बारिश से थोड़ी राहत मिली और तापमान में भी कमी आई। मौसम विभाग ने १४ सितंबर तक मध्यम बारिश की संभावना जताई हैं। इस सीजन में अब तक ८३३ मिमी (३३ इंच से अधिक) बारिश हो चुकी हैं। शहर में औसत ३६ इंच बारिश होती है। जीवाजी वेधशाला के अनुसार पिछले 24 घंटों में 11 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। शनिवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं बीती रात न्यूनतम तापमान 2४.० डिग्री सेल्सियस रहा।
इस तरह आसमान से खेत में गिरी बिजली
शनिवार को दोपहर में शहर सहित ग्रामीण अंचल में भी जोरदार बारिश हुई। शहर से करीब चालीस किलोमीटर दूर ग्राम पाट के नजदीक खेत में आसमानी बिजली गिरी। इससे खेत के कुछ हिस्से में आग भी लग गई। दोपहर करीब ३ बजे जोरदार गडग़ड़ाहट के साथ बिजली की तेज चमक आसमान में दिखाई दी। बिजली तेज गति से आसमान से नीचे की ओर आने लगी। उसकी रफ्तार इतनी तेज थी कि पलक झपकते ही खेत में गिरते दिखाई दी। इसके बाद वहां पर आग का गोला उठा और खेत में घास जलने से धुआं दिखाई देने लगा। यदि खेत में कोई होता तो जनहानि हो सकती थी।