महाराष्ट्र में आज लग सकता है 15 दिन का टोटल लॉकडाउन

By AV NEWS

महाराष्ट्र में कोरोन के बिगड़ते हालात के बीच किसी भी समय टोटल लॉकडाउन का ऐलान किया जा सकता है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि राज्य में कोरोना की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए लॉकडाउन के सिवाय दूसरा कोई विकल्प नहीं दिख रहा है। रविवार को सरकार कम से कम 15 दिन के लॉकडाउन का निर्णय कर सकती है। इस बीच, राजधानी दिल्ली में लॉकडाउन तो नहीं लगा है, लेकिन पाबंदियों की नई गाइडलाइन आज से लागू हो गई है। सुबह से दिल्ली पुलिस लोगों से नियमों का पालन करने का अनुरोध कर रहे हैं। इस बीच, बृहन्मुंबई पालिका परिषद (बीएमसी) ने महानगर में सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक शराब की होम डिलीवरी की अनुमति दे दी है। होम डिलीवरी करने वाले कर्मचारियों को कोरोना से बचाव के सभी नियमों का पालन करना होगा।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य में कोरोना की बिगड़ती स्थिति पर विचार-विमर्श के लिए शनिवार शाम सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हुई इस बैठक में सत्तारूढ़ महा विकास अघाड़ी के सभी प्रमुख नेताओं के अलावा नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडनवीस एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए कठिन निर्णय लेने का वक्त आ गया है। अब लॉकडाउन के सिवाय कोई और विकल्प नहीं दिख रहा है। मुख्यमंत्री रविवार को टास्क फोर्स के साथ बैठक करेंगे, जिसमें राज्य में कम से कम 15 दिन के लॉकडाउन का निर्णय किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोरोना की चेन तोड़ने के लिए दूसरे देशों ने भी लॉकडाउन का विकल्प अपनाया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री ने बैठक में भरोसा दिलाया कि सरकार गरीबों, मजदूरों और दैनिक वेतन भोगियों को होने वाली परेशानियों को दूर करेगी।

Share This Article