महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के हिंदी महोत्सव में ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ नाटक का सफल मंचन

By AV NEWS

मुंबई, 28 सितम्बर।महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी द्वारा पूरे सितम्बर माह में मनाये जा रहे हिंदी महोत्सव के अंतर्गत अकादमी और एसएनडीटी महिला महाविद्यालय, मुंबई के हिंदी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार, 27 सितम्बर, 2023 को ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ नाटक का मंचन किया गया।

मुंबई के पाटकर सभागृह में आयोजित नाट्य प्रस्तुति का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन और महाराष्ट्र राज्य गीत से हुआ। संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना से पूरे परिसर को अमृतमय कर दिया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में एसएनडीटी विश्वविद्यालय की कुलगुरु डॉ. उज्वला चक्रदेव ने कहा कि अकादमी द्वारा नयी पीढ़ी को जोड़ कर आयोजित किया गया यह कार्यक्रम उनमें भाषा, साहित्य और भावनाओं के प्रति ऊर्जा का संचार करेगा। प्रकुलगुरु डॉ. रूबी ओझा ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों से सम्बंधित कार्यक्रम करने के लिए हमेशा तैयार रहता है।

महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी के कार्याध्यक्ष डॉ. शीतला प्रसाद दुबे ने कहा कि यह सुखद संयोग है कि महर्षि कर्मवीर कर्वे द्वारा नारी शिक्षा हेतु स्थापित विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कुलगुरु, प्रकुलगुरु, प्राचार्या के साथ नाटक की निर्देशिका जूली तेजवानी नारी शक्ति का परिचय दे रही हैं। उन्होंने कहा कि अकादमी विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, विद्यालयों और हिंदी सेवी संस्थाओं के साथ कार्यक्रम आयोजित कर प्रत्येक स्तर के विद्यार्थियों तक पहुॅंचना चाहती है।

उन्होंने कहा कि व्यावहारिक जीवन में सम्बंधों और भावनात्मकता का भी महत्वपूर्ण स्थान होता है, जो नाटक के केंद्र में है। प्राचार्या डॉ. वंदना शर्मा ने सभी का स्वागत करते हुए अतिथियों को सम्मानित किया। महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के सदस्य और वरिष्ठ उद्घोषक श्री आनंद सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया और अकादमी के सचिव श्री सचिन निंबालकर ने सभी के प्रति आभार ज्ञापित किया। प्राध्यापकों और विद्यार्थियों से खचाखच भरे सभागृह में सभी दर्शकों ने नाट्य प्रस्तुति का आनंद लिया। इस अवसर पर महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के सदस्य श्री मार्कंडेय त्रिपाठी भी मौजूद थे।

Share This Article