यूडीए बनाएगा भगवान श्रीकृष्ण की सबसे ऊंची मूर्ति

182 फीट ऊं ची प्रतिमा के निर्माण के लिए टेंडर जारी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए)भगवान श्रीकृष्ण की सबसे ऊंची मूर्ति बनाएगा। 182 फीट ऊंची प्रतिमा के निर्माण के लिए यूडीए ने शुक्रवार को टेंडर जारी कर दिया। कार्यपालन यंत्री के हवाले से जारी टेंडर में प्रतिमा निर्माण की लागत 244 करोड़ रखी गई है।
दरअसल, उज्जैन विकास प्राधिकरण शिप्रा नदी के किनारे हरिफाटक बायपास पर यूनिटी मॉल बना रहा है। मॉल के पीछे ही शिप्रा पर घाट बनाए गए हैं और यहीं भगवान श्रीकृष्ण की विराट स्वरूप की प्रतिमा बनाई जाएगी। प्रतिमा निर्माण करने का मकसद उज्जैन में पर्यटन को बढ़ावा देना है। इस इलाके को प्रशासन सिंहस्थ से पहले पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना चाहता है। इसी लिए यहां यूनिटी मॉल बनाया जा रहा है।
करीब 260 करोड़ की लागत वाले यूनिटी मॉल में देश-विदेश के उत्पाद विक्रय के लिए रखे जाएंगे। कैफेटेरिया, होटल के साथ यहां कॉन्फ्रेंस हॉल भी होंगे। इस जगह का खास बनाने के लिए मॉल के पीछे के घाट पर शिप्रा आरती भी होगी। आरती के टेंडर हाल में स्मार्ट सिटी प्रशासन ने जारी किया है। अब उज्जैन विकास प्राधिकरण ने भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा निर्माण का टेंडर निकाला है। कांस्य (पीतल और तांबे) से बनने वाली इस प्रतिमा का निर्माण 244 करोड़ रुपए से किया जाना है।
मध्यप्रदेश की सबसे ऊंची प्रतिमा होगी
उज्जैन में बनने वाली प्रतिमा प्रदेश में सबसे ऊंची होगी। अभी प्रदेश की सबसे बड़ी प्रतिमा आदि शंकराचार्य की है। 108 फीट ऊंची यह प्रतिमा ओंकारेश्वर में स्थित है।
छिंदवाड़ा के रामेश्वरधाम में स्थित शिव प्रतिमा की ऊंचाई 81 फीट है। यह श्रीयंत्र पर बनाई गई है।
जबलपुर की कचनारसिटी में स्थित शिव प्रतिमा 76 फीट ऊंची है। यह संगमरमर से बनी है।
भोपाल के बड़े तालाब में स्थित राजा भोज की प्रतिमा 32 फीट ऊंची है और यह गनमेटल से बनाई गई है।
टेंडर जारी कर दिया है: भगवान श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप की प्रतिमा के निर्माण का टेंडर जारी कर दिया है। 182 फीट ऊंची प्रतिमा ब्रॉस (कांस्य) से बनाई जाएगी। इसकी लागत 244 करोड़ रुपए होगी। प्रतिमा निर्माण से उज्जैन का स्वरूप निखरेगा और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
डॉ. रवि सोलंकी, अध्यक्ष यूडीए









