महिला यात्री का बैग काट जेवर उड़ाए, 3 अन्य के मोबाइल चोरी

उज्जैन। रेलवे स्टेशन और चलती ट्रेनों में यात्रियों के सामान पर हाथ साफ करने वाले गिरोह सक्रिय हैं। सोमवार को उज्जैन आने-जाने वाली चार अलग-अलग ट्रेनों में चोरी की वारदातें सामने आईं। सबसे बड़ी घटना दाहोद-भोपाल पैसेंजर में हुई, जहां एक महिला यात्री का बैग काटकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए।

जीआरपी के अनुसार, ग्राम बालोदा हसन (इंगोरिया) निवासी छाया पति मोहनसिंह (38) सोमवार को ट्रेन संख्या 19339 दाहोद-भोपाल पैसेंजर से पलसोड़ा मकड़ावन स्टेशन से उज्जैन आ रही थीं। उन्होंने अपना ट्रॉली बैग कोच की ऊपर वाली सीट पर रखा था। नईखेड़ी स्टेशन से ट्रेन चलने के बाद जब महिला ने अपना सामान चेक किया, तो ट्रॉली बैग कटा हुआ था। अज्ञात बदमाश ने बैग के अंदर रखा लाल रंग का बटुआ पार कर दिया, जिसमें सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी टॉप्स और चांदी की पायजेब रखी थी।
नींद लगते ही जेब से मोबाइल गायब
तीन अन्य ट्रेनों में मोबाइल चोरी की घटनाएं भी हुईं। पुरी-वलसाड एक्सप्रेस से पन्ना निवासी हर्ष ब्रजपुरिया का मोबाइल चोरी हो गया।
जयपुर-चेन्नई एक्सप्रेस- नर्मदापुरम निवासी मनीष मीणा का उज्जैन के पास मोबाइल चोरी हो गया।
जयपुर-भोपाल एक्सप्रेस से जयपुर निवासी बुजुर्ग हरीशचंद गुरबानी का मोबाइल चोरी हो गया। वे महाकाल दर्शन के बाद संत हिरदाराम नगर जाने के लिए ट्रेन में चढ़ रहे थे। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर बदमाश ने उनका मोबाइल उड़ा दिया।









