हार्दिक पंड्या अफगानिस्तान वनडे सीरीज से बाहर, फिटनेस टेस्ट के दौरान लगी चोट

भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मंगलवार को फिटनेस टेस्ट पास करने के कुछ ही घंटों बाद उनकी जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया। 32 साल के हार्दिक IPL के दौरान पीठ की जकड़न से जूझ रहे थे और उसी से उबरकर फिटनेस क्लियरेंस सर्टिफिकेट लेने बेंगलुरु पहुंचे थे। अब नई चोट की वजह से उन्हें कम से कम तीन हफ्ते का रिकवरी समय लगेगा जिसके चलते वे 13 जून से शुरू हो रही सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।
फिटनेस असेसमेंट में 10 ओवर बॉलिंग करना भारी पड़ा
जानकारी के मुताबिक हार्दिक बेंगलुरु में फिटनेस टेस्ट के आखिरी दौर में थे। असेसमेंट के दौरान उन्होंने अपनी पूरी क्षमता परखने के लिए मैदान पर पूरे 10 ओवर गेंदबाजी की। माना जा रहा है कि लंबे ब्रेक के बाद अचानक बॉलिंग का पूरा कोटा डालने से उनकी जांघ की मांसपेशियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ा और वे नई चोट का शिकार हो गए।
मंगलवार को रोहित-हार्दिक ने फिटनेस टेस्ट पास किया था
महज कुछ घंटे पहले ही खबर आई थी कि रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या दोनों ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है और जल्द ही टीम के साथ जुड़ेंगे। रोहित IPL के दौरान हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझ रहे थे जबकि हार्दिक पीठ की जकड़न से परेशान थे। दोनों मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए चोटिल हुए थे और दोनों को सब्जेक्ट टू फिटनेस के आधार पर टीम में शामिल किया गया था।
शनिवार से शुरू हो रही है सीरीज
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा। सीरीज के बाकी दो मैच 17 जून को लखनऊ और 20 जून को चेन्नई में होंगे। हार्दिक ने IPL 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए कुछ मैच मिस किए थे लेकिन 24 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आखिरी मुकाबले में वे मैदान पर लौटे थे।
कोहली पहले ही सीरीज से बाहर हो चुके
हार्दिक से पहले विराट कोहली भी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव की वजह से इस सीरीज से बाहर हो चुके हैं। IPL फाइनल में गुजरात के खिलाफ खेलते हुए उनकी जांघ में चोट आई थी। चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर ने बताया था कि कोहली की रिकवरी का सही समय अभी तय नहीं है और इंग्लैंड वनडे सीरीज तक वह फिट हो सकते हैं लेकिन यह पक्का नहीं है। कोहली की जगह यशस्वी जायसवाल को अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है।









