अब अवैध होर्डिंग लगाने वालों पर होगी एफआईआर

By AV NEWS

उज्जैन। शहर सुन्दर लगे इस बात को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने होर्डिंग लगाने के लिए कई स्थानों को चिन्हित किया है। इसके बाद भी शहर में अवैध होर्डिंग्स की भरमार है, लेकिन अब अवैध होर्डिंग्स लगाने वालों के खिलाफ नगर निगम एफआईआर दर्ज करवाएगा।

गौरतलब है कि शहर में प्रमुख बाजारों में दुकानों के ऊपर, सड़कों के किनारे, भवनों सभी के ऊपर होर्डिंग लगे हैं, जो शहर की सुंदरता के साथ हादसों को भी न्यौता दे रहे हैं। जल्द ही नगर निगम द्वारा अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग्स को हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। अगर इसके बाद भी यदि कोई अवैध रूप से होर्डिंग लगाने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ नगर निगम द्वारा एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।

मामले में नगर निगम आयुक्त रोशनसिंह ने राजस्व विभाग और अन्य कर के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शहर में लगे अवैध बेनर, होर्डिंग, फ्लेक्स आदि तत्काल हटाए जाए अन्यथा संबंधित के खिलाफ संपत्ति विरूपण की कार्यवाही की जाए। वहीं स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 अंतर्गत नगर निगम द्वारा रेड स्पॉट समाप्त करने हेतु अभियान प्रारंभ किया गया है। जिसका उद्देश्य शहर को रेड स्पॉट से मुक्त करना है।

Share This Article