आधी रात को भाजपा पार्षद का जन सुविधा केंद्र तोड़ा

निगम अधिकारी व टीम की थाने में शिकायत

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। वार्ड 33 की भाजपा पार्षद लीला वर्मा का हरसिद्धि मंदिर के सामने बना जनसुविधा केंद्र नगर निगम की गैंग ने आधी रात को तोड़ दिया। पार्षद लीला वर्मा ने बताया कि गुरुवार रात करीब करीब 11 बजे नगर निगम के आधिकारी गैंग के साथ जेसीबी लेकर पहुंचे और उनका जनसुविधा केेंद्र तोड़ दिया। पार्षद ने बताया कि पिछले दिनों पार्टी के आदेश पर प्रत्येक वार्ड में जनसुविधा केेंद्र खोले गए थे। उन्होंने भी यहां प्रतीक्षालय में नगर निगम अधिकारियों की सहमति से केंद्र बनाया था।
घटना की शिकायत पार्षद ने महाकाल थाने में भी की है। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदीप सेन, राजेंद्र रावत, दीपक शर्मा, मनीष बाली ने बिना किसी सूचना के न सिर्फ उनका केंद्र तोड़ा बल्कि मना करने पर उनके साथ अभद्रता भी की। घटना की जानकारी पार्षद वर्मा ने शुक्रवार सुबह भाजपा नगर अध्यक्ष राकेश अग्रवाल को भी दी।
अतिक्रमण की शिकायत का गुस्सा निकाला
पार्षद वर्मा ने आरोप लगाया कि हरसिद्धि, महाकाल मंदिर क्षेत्र में जगह-जगह अतिक्रमण हो रहा है। बिना अनुमति लोगों ने होटलें बना ली हैं। वे आए दिन इसकी शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों को करती रही हैं। संभवत: इसी कारण इन लोगों ने जनसुविधा केंद्र तोड़ा है। वे निगम आयुक्त से इसकी शिकायत करेंगी।









