छुट्टियां शुरू होते ही यात्रियों को लगा झटका मुंबई-इंदौर तेजस अचानक रेलवे ने की बंद

उज्जैन। गर्मियों की छुट्टियां शुरू होते ही इंदौर से मुंबई जाने वाले यात्रियों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। रेलवे ने इंदौर-मुंबई के बीच चलने वाली तेजस स्पेशल ट्रेन को बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक बंद कर दिया है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब समर वेकेशन और शादियों के कारण मुंबई जाने वाली ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं है और यात्रियों को कंफर्म टिकट के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।

दरअसल, रेलवे ने पिछले साल जुलाई से इंदौर-मुंबई के बीच तेजस एक्सप्रेस को स्पेशल ट्रेन के रूप में शुरू किया था। तगड़ा रिस्पांस देख रेलवे ने छह बार फेरे भी बढ़ाए। ट्रेन लगातार चलने से यात्रियों को भी फायदा हुआ। खासकर नवरात्रि, दशहरा, दीपावली के सीजन में भी यात्रियों को कन्फर्म सीट मिली। रेलवे सूत्रों का कहना है कि तेजस यूं तो पश्चिम रेलवे की ही ट्रेन है लेकिन इसका संचालन मुंबई मंडल कर रहा था। चूंकि रैक मुंबई मंडल का था तो ट्रेन कहां और कब संचालित करना है, यह अधिकार भी उसके पास ही था। ऐसे में उसने रैक किसी दूसरे सेक्शन में नई ट्रेन संचालित करने के लिए भेज दिया है। इस कारण इंदौर रूट पर ट्रेन बंद कर दी गई है।
अब रतलाम मंडल ने रखी ट्रेन की डिमांड
तेजस दोनों ओर से फुल चल रही थी। इस ट्रेन से रतलाम रेल मंडल के यात्रियों को काफी सुविधा थी। मंडल रेल प्रवक्ता मुकेश कुमार ने बताया कि ट्रेन अचानक बंद करने का निर्णय मुंबई मंडल का है। अब रतलाम रेल मंडल ने इस रूट के लिए ट्रेन मांगी है। जल्दी ही उसी समय पर नई ट्रेन मिलने की संभावना है जो रतलाम रेल मंडल की रहेगी।
रेलमंत्री से करेंगे बात : सांसद
इस मामले में सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि अचानक ट्रेन बंद करना समझ से परे है। सांसद के मुताबिक मैं इस विषय में रेलवे के आला अधिकारियों और रेल मंत्री से बात करूंगा कि ट्रेन को अचानक क्यों बंद किया गया।
असर : अवंतिका और दौंड में नो रूम जैसे हालात
पिछले साल जुलाई से शुरू हुई तेजस स्पेशल के रेलवे ने छह बार फेरे बढ़ाए थे जिससे त्योहारों के सीजन में यात्रियों को काफी राहत मिली थी। तेजस एक्सप्रेस के अचानक बंद होने का सीधा असर अवंतिका एक्सप्रेस पर पड़ा है। अवंतिका एक्सप्रेस पर यात्रियों का दबाव क्षमता से 140 प्रतिशत तक बढ़ गया है। आलम यह है कि इंदौर-मुंबई और इंदौर-दौंड एक्सप्रेस में कल्याण तक के लिए वेटिंग लिस्ट 100 के आंकड़े को पार कर गई है।









