जेसीबी के धक्के से हुआ हादसा 25 लाख के नुकसान का दावा

योगीपुरा में चौड़ीकरण के दौरान ढहा मकान मलबे में दबी गृहस्थी- परिवार सड़क पर
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रामघाट मार्ग स्थित योगीपुरा क्षेत्र में चौड़ीकरणके दौरान एक मकान गिर गया और मकान मालिक की गृहस्थी तबाह हो गई। दरअसल हादसा जेसीबी की अंधाधुंध गति के कारण हुआ।
मकान मालिक राजेंद्र राव सावदेकर का आरोप है कि उनका मकान (क्रमांक-12) पूरी तरह ढह गया और घरेलू सामान मलबे के नीचे दब गया। घटना की जानकारी तब सामने आई जब पीडि़त परिवार रविवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचा। पीडि़त दीपक राव सावदेकर ने मीडिया को बताया कि रामघाट तरफ जाने वाली गली के नीचे की ओर चौड़ीकरण चल रहा था। तोडफ़ोड़ के कारण परिवार शुक्रवार रात डायमंड कॉलोनी में रहनेवाले रिश्तेदार के घर चला गया था। शनिवार को पड़ोसियों ने फोन पर मकान गिरने की सूचना दी।
यह हुआ नुकसान
घर के अंदर रखा टीवी, फ्रीज, कूलर, पंखे, गीजर, पानी की टंकी, बर्तन और राशन मलबे में दब गया। घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें पूरी इमारत गिरती दिख रही है और गली में सामान बिखरा पड़ा है।
सावदेकर ने बताया कि पहले मकान का सिर्फ 7 फीट का हिस्सा तोडऩे की जानकारी दी थी। बाद में 10 फीट तक तोडफ़ोड़ कर दी गई। उनका दावा है कि करीब 25 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। उनकी बुजुर्ग मां सुलोचना ने बताया कि हमारा सब कुछ खत्म हो गया, हम सड़क पर आ गए। परिवार अब किराए के मकान में रहने को मजबूर है। पीडि़त परिवार ने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर उचित मुआवजे की मांग की है।
गिरने की कगार पर कई घर 15 परिवारों ने छोड़ा मोहल्ला
घटना के बाद योगीपुरा क्षेत्र में दहशत है। रहवासी कुणाल का कहना है कि खुदाई के कारण तीन मकान अब तक धंस चुके हैं। उनका खुद का मकान भी गिरने की कगार पर है। करीब 15 परिवार घरों को खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं।









