टाइगर श्रॉफ और संजय दत्त की फिल्मों की शूटिंग एमपी में करेंगे भानुशाली

उज्जैन। फिल्म निर्माता विनोद भानुशाली शनिवार को सपरिवार और अपनी प्रोडक्शन टीम के साथ बाबा महाकाल के दरबार पहुंचे। उन्होंने भगवान महाकालेश्वर के दर्शन कर अपने आगामी प्रोजेक्ट्स की सफलता के लिए आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने मध्यप्रदेश को लेकर अपनी बड़ी योजनाओं का खुलासा किया।

भानुशाली ने बताया कि वे मध्यप्रदेश के विभिन्न शहरों को अपनी आगामी फिल्मों के लिए चुन चुके हैं। उन्होंने बताया कि जल्दी इंदौर, भोपाल और उज्जैन की गलियों में टाइगर श्रॉफ एक्शन करते नजर आएंगे। फिलहाल टीम इन शहरों में लोकेशन का मुआयना कर रही है। संजय दत्त के साथ हॉरर-कॉमेडी की फिल्म प्रोडक्शन 4 की शूटिंग ऐतिहासिक शहर ग्वालियर में प्रस्तावित है।
मध्यप्रदेश की फिल्म फ्रेंडली नीति की सराहना करते हुए विनोद भानुशाली ने कहा कि प्रदेश में शूटिंग होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। उन्होंने बताया एक फिल्म की शूटिंग के दौरान लगभग 250 से 300 लोगों की भारी-भरकम टीम काम करती है। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलता है, बल्कि स्थानीय युवाओं और कलाकारों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं।
उप मुख्यमंत्री और अपर मुख्य सचिव ने भी किए दर्शन
शनिवार को मप्र के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भगवान श्री महाकाल के दर्शन किए। वे दोपहर में मंदिर पहुंचे और भगवान महाकाल का पूजनअर्चन कर आशीर्वाद लिया। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने भगवान महाकाल के दर्शन किए। दोपहर में वे पत्नी के साथ मंदिर पहुंचे और भगवान महाकाल की पूजन की। अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने उनका स्वागत किया।









