तेरे पास जितने रुपए हैं दे दे… नहीं दिए तो नुकीली वस्तु से हमला

पांच जगह लगे घाव, ऑटो छोड़ भागा चालक

उज्जैन। देवासगेट थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात तीन अज्ञात व्यक्तियों ने ऑटो चालक को रोककर उससे रुपए मांगे, जब उसने रुपए नहीं होने की बात कही तो उस पर नुकीली चीज से हमला कर दिया जिससे उसे पांच जगह घाव लगे। इसके बाद चालक डरकर ऑटो छोड़कर भाग निकला। बाद में जीआरपी थाने में शिकायत की। जीआरपी ने जीरो पर कायमी कर डायरी देवासगेट पुलिस को भेज दी।
देवासगेट पुलिस ने बताया कि हेमराज पिता रामरतन तंबोली (38) निवासी भेरूनाला ऑटो चालक है। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 1 से 1.30 बजे के बीच रेलवे ब्रिज की साीढिय़ों के सामने तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उसका ऑटो रोका और कहा कि तेरे पास जितने रुपए हैं दे दे।
हेमराज ने रुपए नहीं होने की बात कही जिसके बाद तीनों ने उसके साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की और किसी नुकीली धारदार वस्तु से उस पर हमला कर दिया जिससे उसे पैर, सिर और अन्य जगह पांच घाव लगे और खून बहने लगा। इसके बार हेमराज बचने के लिए ऑटो छोड़कर भाग निकला और जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने जीरो पर रिपोर्ट देवासगेट थाने को भेज दी है।









