पति से कहासुनी के बाद गर्भवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या की

उज्जैन। नीलगंगा थाना क्षेत्र के न्यू अशोक नगर के एक मकान में रविवार की सुबह 32 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति बेडरूम में सोता रहा और यह महिला बाथरूम मे पहुंची, यहां दुपट्टे से उसने फंदा बनाया और फांसी लगा ली। मृत महिला का नाम निर्मला पति मायापुरी है। निर्मला मूल रूप से गुना के सुसनेर की रहने वाली है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
वह आठ माह की गर्भवती थी। उज्जैन में पढ़ाई के दौरान उसने पिछले साल अपने से 6 साल छोटे गुना निवासी मायापुरी के साथ प्रेम विवाह किया था। मायापुरी एक मैरेज गार्डन में सिक्योरिटी गार्ड है। उसने पुलिस को बताया दोनों पति-पत्नी को अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन के लिए मिलने वाली सरकारी राशि लेने गुना जाना था।
छुट्टी नहीं मिल पाने की वजह से मायापुरी ने गुना जाना टाल दिया था, इस वजह से दोनों के बीच शनिवार रात कहासुनी हुई थी। सुबह जब पति जागा तो उसने देखा कि बाथरूम का दरवाजा बंद है और भीतर कोई हलचल भी नहीं थी। उसने दरवाजा तोड़ा तो निर्मला का शव फंदे पर लटका था।









