पर्व स्नान के लिए शिप्रा में नर्मदा पानी आना शुरू

शनिश्चरी अमावस्या से गंगा दशमी तक त्यौहारों में रामघाट तक रहेगा उपयोगी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। 16 मई को शनि जयंती और शनिश्चरी अमावस्या पर त्रिवेणी घाट पर होने वाले स्नान के लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। यहां पर शिप्रा सूखी है। इस कारण स्नान के लिए नर्मदा का पानी रविवार से आना शुरू हो गया है। यह जल रामघाट तक जाएगा। जहां आगामी पर्वों पर स्नान में सुविधा होगी।
प्रशासन ने नागफनी पाइपलाइन के जरिए नर्मदा का जल शिप्रा में लेना शुरू कर दिया है। वर्तमान में यह पानी त्रिवेणी के घाटों पर भरा जा रहा है। बैराज के गेट खोलने के बाद यह जल प्रवाह आगे बढ़ेगा, जिससे 25 मई को गंगादशमी और शिप्रा तीर्थ परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं को रामघाट तक स्वच्छ जल मिल सकेगा। त्रिवेणी से आगे पानी पहुंचने में 4 से 5 दिन का समय लग सकता है।
श्रद्धालुओं के लिए केवल जलभराव ही नहीं, बल्कि त्रिवेणी घाटों पर फव्वारों (शावर) की व्यवस्था भी की जा रही है ताकि कम पानी में भी लोग सुगमता से स्नान कर सकें। पीएचई विभाग के ईई वैभव भावसार अनुसार, १६ मई तक नर्मदा जल लिया जाएगा। नदी में पानी भरने की प्रक्रिया की निरंतर मॉनीटरिंग की जा रही है। हर कदम की सूचना जिला प्रशासन को दी जा रही है ताकि पर्व और विकास कार्य दोनों के बीच समन्वय बना रहे।









