पुरी जा रहे यात्री को अटैक आया, मौत

शुजालपुर में ट्रेन रोक अस्पताल भेजा, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

उज्जैन। अनियंत्रित दिनचर्या के कारण हार्टअटैक के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे ही ताजा मामले में जोधपुर-पुरी एक्सप्रेस से जगन्नाथ पुरी जा रहे यात्री को ट्रेन में हार्टअटैक आ गया, ट्रेन को तत्काल शुजालपुर में रोका कर उसे अस्पताल भेजा गया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में जीआरपी उज्जैन ने मर्ग कायम करते हुए पीएम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया।
जीआरपी थाने के एसआई बीएस कुशवाह ने बताया कि यात्री वेहनाराम पिता हराराम (45) निवासी मेघवालों की ढाणी, जिला बाड़मेर (राजस्थान) 8 फरवरी को जोधपुर-पुरी एक्सप्रेस से अपने साथी मोहनलाल के साथ जगन्नाथ पुरी जा रहा था। उज्जैन रेलवे स्टेशन से ट्रेन के निकले के बाद अचानक उनकी तबीयत खराब हुई। इसके बाद शुजालपुर में तत्काल ट्रेन को रोका गया और वेहनाराम को अस्पताल भेजा गया लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हार्टअटैक आने से उसकी मौत हुई। मामले में जीआरपी ने मर्ग कायम कर मृतक के परिजनों को सूचना दी जिसके बाद उनका बेटा उज्जैन पहुंचा। यहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया।









