जिनेंद्र वाटिका में वर्षीतप पारणा महोत्सव पर संतों ने दिया व्याख्यान

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सोमवार को आयोजित वर्षीतप पारणा महोत्सव के अंतर्गत रविवार को श्री सौभाग्य सूर्य अणु जिनेंद्र वाटिका (कृषि उपज मंडी, चिमनगंज) में व्याख्यान हुआ। उमेश मुनिजी अणु एवं उनके शिष्य रत्न जिनेंद्र मुनिजी के पावन सान्निध्य में कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसकी शुरुआत सुबह 9.30 बजे से हुई। व्याख्यान के दौरान गुरुदेव ने संयम, आत्मशुद्धि और तप की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवन को धर्ममय बनाना ही आत्मा का वास्तविक लक्ष्य है।

उन्होंने वर्षीतप की कठिन साधना पूर्ण करने वाले तपस्वियों की अनुमोदना करते हुए श्रावक-श्राविकाओं को त्याग और वैराग्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामायिक के माध्यम से एकाग्रचित्त होकर गुरुवाणी का श्रवण किया। चिमनगंज मंडी स्थित जिनेंद्र वाटिका का परिसर भक्ति और साधना के रंग में रंगा नजर आया।









