युवक की मौत, परिजनों ने अस्पताल पर लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप

उज्जैन। माधवनगर थाने के सामने स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती घायल की इलाज के दौरान बुधवार अलसुबह मौत हो गई। मामले में परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। सूचना पर माधवनगर पुलिस मौके पर पहुंची।

प्रारंभिक तौर पर मिली जानकारी के मुताबिक उन्हेल के पास ग्राम करणावद का रहने वाला 20 वर्षीय प्रकाश पिता शंकरलाल आंजना मंगलवार रात को तालोद से उज्जैन आ रहा था। देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गया। एम्बुलेंस ने घायल को माधवनगर थाने के सामने स्थित एमपी अस्पताल में भर्ती करवाया था। सूचना मिलते ही परिजन भी बुधवार अस्पताल पहुंच गए।
इस दौरान प्रकाश बातचीत कर रहा था। सुबह करीब 5.30 बजे अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों को जानकारी दी कि प्रकाश की मौत हो गई है। परिजनों का कहना था 4 बजे प्रकाश ने बात की, अचानक उसकी मौत कैसे हो गई। इसके बाद उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। सूचना मिलते ही माधवनगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आक्रोशित परिजनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह शांत नहीं हुए। खबर लिखने तक हंगामा जारी था।









