21 दिन बीते, बाइक चोरों का पता नहीं लगा सकी पुलिस, सीएम हेल्पलाइन में शिकायत

वाहन मालिक ने पुलिस पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर में वाहन चोरी की घटनाओं का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है लेकिन पुलिस अब तक उन्हें पकड़ नहीं सकी है। ऐसे ही एक मामले में २१ दिन बीतने के बाद भी जीरो पॉइंट स्थित जैन हॉस्पिटल के सामने से चोरी गई बाइक का माधवनगर पुलिस पता नहीं लगा सकी है, जबकि फरियादी ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपे हैं जिसमें दो बदमाश वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने के बाद वाहन मालिक ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की है।
यह है मामला
घटना 30 जनवरी की है। शक्करवासा के रहने वाले फरियादी अरुण पिता राकेश चावरे फ्रीगंज में जीरो पॉइंट के पास स्थित जैन हॉस्पिटल में वार्ड बॉय हैं। रात ८ से सुबह ८ बजे तक उनकी ड्यूटी रहती है। ३० जनवरी को वह रोज की तरह ड्यूटी पर थे और उनकी पल्सर बाइक क्रमांक १३ एफयू ७८१५ हॉस्पिटल के बाहर खड़ी थी।
अलसुबह करीब ५.२२ बजे दो युवक वहां पहुंचे और महज ३ सेकंड में बाइक का लॉक तोडक़र उसे ले गए। अरुण जब घर जाने के लिए बाहर आए तो बाइक नदारद थी। उन्होंने आसपास तलाशा लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। फिर हॉस्पिटल के मैनेजमेंट को सूचना दी तो सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए जिसमें दो चोर बाइक ले जाते नजर आए। इसके बाद उन्होंने माधवनगर पुलिस को शिकायत की थी।
पुलिस नहीं कर रही सहयोग
फरियादी अरुण चावरे ने कहा कि बाइक चोरी को लेकर माधवनगर पुलिस सहयोग नहीं कर रही है। पुलिस ने अब तक सीसीटीवी फुटेज भी नहीं देखे हैं इसलिए ३ फरवरी को सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की है। बाइक १२ अप्रैल २०२२ को ही खरीदी थी। चोरों ने अगर उसके पाट्र्स खोलकर बेच दिए तो बाइक कभी नहीं मिलेगी।
मैं जांच नहीं कर रहा : मामले में जब माधवगर थाने से फोन पर जानकारी ली तो पुलिसकर्मी ने बताया कि मामले की जांच एसआई सालगराम चौहान कर रहे हैं। इस पर जब एसआई चौहान से चर्चा की तो उन्होंने कहा कि मैं इस मामले की जांच नहीं कर रहा हूं।









