315 कर्मियों ने मुक्त कराई 75 करोड़ की 15,000 वर्गफीट भूमि

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। माधवनगर रेलवे स्टेशन क्षेत्र स्थित 75 करोड़ कीमत की 15 हजार स्केवयर फीट की जमीन मुक्त कराने के लिए रेलवे ने शनिवार को बेहद गोपनीयता बरती। तड़के 4 बजे आरपीएफ, जीआरपी, सिटी पुलिस, जिला प्रशासन और रेलवे के 315 अफसर कर्मचारी एकत्र हुए और सुबह 5 बजे से तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। यह कार्रवाई इतनी तेजी से की गई कि छह घंटे में पूरी जमीन समतल हो गई। अब सिंहस्थ के लिए यहां होल्डिंग और सर्कुलेटिंग एरिया बनाया जाएगा।
दरअसल, पश्चिम रेलवे के उज्जैन रेलवे स्टेशन परिसर और नीलगंगा रेलवे कॉलोनी में वारिस खान और शहजाद खान ने अतिक्रमण कर रखा था। दरगाह और मकबरे की आड़ में इन लोगों ने खाली जगह पर ठेले, गुमटी लगा दिए थे और रिहायश भी बना ली थी। सक्षम संपदा अधिकारी ने 11 जून 2026 को प्लेटफॉर्म 8 की तरफ स्थित जमीन के संबंध में बेदखली आदेश जारी किए थे।
तीन अलग-अलग अतिक्रमण
नीलगंगा रेलवे कॉलोनी एवं सर्कुलेटिंग एरिया में रेलवे की भूमि पर तीन अलग-अलग तरह के अतिक्रमण थे। पीआरओ मुकेश कुमार ने बताया कि यह अतिक्रमण राजस्व खसरा संख्या 1937 एवं 1938 पर दर्ज थे। कानूनी तौर पर यह जमीन रेलवे की थी। इस संबंध में हाईकोर्ट ने रेलवे के पक्ष में आदेश पारित किया था। रेल प्रशासन ने संबंधित अतिक्रमणकर्ताओं को समय-समय पर नोटिस भी जारी किए थे।बावजूद संबंधितों ने जब निर्माण नहीं हटाए तो रेलवे ने कार्रवाई करना तय किया।
रेलवे और जिला प्रशासन ने बनाई योजना
जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए रेलवे एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने एक पुख्ता योजना तैयार की। इसके लिए शनिवार का दिन और तड़के का समय चुना गया। शनिवार का दिन इसलिए कि अतिक्रमणकारियों को कोर्ट तक जाने का मौका नहीं मिले और, सुबह का समय इसलिए कि कार्रवाई तेजी से हो सके। तड़के 5 बजे से जेसीबी ने अतिक्रमण और निर्माण हटाने का काम शुरू किया और सुबह 11 बजे तक जमीन को समतल कर दिया। एकाएक हुई कार्रवाई से एक वर्ग विशेष से आने वाले अतिक्रमणकर्ताओं को प्रतिरोध करने का मौका तक नहीं मिला। यह कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो गई। अतिक्रमण का मलबा भी साफ करा दिया गया।
कहां के कितने कर्मचारी शामिल
आरपीएफ- 95, जीआरपी- 50 सिटी पुलिस-70 रेलवे कर्मचारी- 100
मुकेशकुमार के मुताबिक मुक्त कराई गई रेलवे जमीन 15,000 वर्गफीट है। इसकी अनुमानित कीमत करीब ७५ करोड़ रुपए है। कार्रवाई में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रतलाम अमित प्रकाश मिश्रा, वरिष्ठ मंडल अभियंता महेंद्र जाटव, सहायक सुरक्षा आयुक्त, उज्जैन राजीव उपाध्याय, सहायक मंडल अभियंता, उज्जैन अखिलेश रघुवंशी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम कोठी महल पवन बारिया, तहसीलदार शैफाली जैन और सीएसपी माधवनगर दीपिका शिंदे ने हिस्सा लिया।









