Popup Image

पद्मश्री उषा बारले के ओजस्वी पंडवानी गायन से मंत्रमुग्ध हुए श्रोता

68 वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह की प्रथम सांस्कृतिक संध्या

Advertisement

डॉ. जफर महमूद उज्जैन। 68वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह की प्रथम सांस्कृतिक संध्या लोक कला और आध्यात्मिक रस से सराबोर रही। पंडवानी गायिका पद्मश्री उषा बारले ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति से सुधी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पद्मश्री तीजन बाई कीशिष्या ने महाभारत के प्रसंग कीचक वध को ओजस्वी वाणी और सजीव अभिनय से मंच पर साकार कर दिया। कीचक वध के नाटकीय वर्णन में उन्होंने लोक कला के विविध रसों और जीवंत बिम्बों की अनुपम छटा बिखेरी।

पंडवानी की परंपरागत शैली में रची-बसी इस प्रस्तुति को उन्होंने पंथी गीतों के माध्यम से आध्यात्मिक ऊंचाइयों तक पहुंचाया। इन गीतों में संत गुरु घासीदास जी के सतनाम संदेश और उनकी जीवन-यात्रा का मार्मिक एवं जीवंत चित्रण देखने को मिला। आगाज़ उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी की वंदना और ते तो छोड़े बाबा सड़क के झंडा निशानी जैसे पारंपरिक बोलों से किया। इसके पश्चात कैसा सृष्टि बनाया बनाने वाला, सुनो-सुनो सुजन अमृतवाणी तथा पढ़ो-पढ़ो सुबह सतनाम जैसी रचनाओं के माध्यम से उन्होंने गुरु घासीदास जी की महिमा को अत्यंत लोक-लुभावन और हृदयस्पर्शी शैली में प्रस्तुत किया। संध्या का समापन बजना बजा दे भाई मेरे की मधुर तान के साथ करते हुए उन्होंने संपूर्ण सभागार की वाहवाही लूट ली।

Advertisement

सांगीतिक यात्रा में सह-कलाकारों की जुगलबंदी ने कथा की मोहकता और आकर्षण को द्विगुणित कर दिया। संगतकारों में संतू लाल जांगड़ा ने हारमोनियम, संतु राम कुर्रे ने तबला, देव प्रकाश देवदास ने ढोलक और सुधीर राम कौशिक ने दुमका वादन से सुर और ताल का सुंदर समन्वय स्थापित किया, जबकि अमर दास ने सूत्रधार के रूप में कथा को प्रभावी गति प्रदान की। सह-गायन में वंदना बारले और सरस्वती चतुर्वेदी के स्वरों ने समां बांध दिया। सुश्री निशा, दिव्या टंडन, पीटू आडिल, अरविंद बंजारे और लकी ने अपने पारंपरिक लोक नृत्यों से मंच पर लोक संस्कृति के इंद्रधनुषी रंग बिखेर दिए।

अवंतिका के आंगन में गूंजा कालिदास समारोह का शंखनाद
उज्जैन। महाकवि कालिदास की पावन तपोभूमि उज्जयिनी शनिवार को एक बार फिर साहित्य, संगीत और नाट्य कला के अनुपम संगम की साक्षी बनी। मध्य प्रदेश संस्कृति परिषद, कालिदास संस्कृत अकादमी एवं सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान वले 68वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह का आगाज पं. सूर्यनारायण व्यास संकुल में हुआ। वैदिक ऋचाओं के सस्वर पाठ, शंखनाद की मंगल ध्वनि और दीप प्रज्वलन की आलोकमयी आभा के साथ सात दिवसीय सारस्वत महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ। सीएम डॉ. यादव वर्चुअली शुभारंभ समारोह से जुड़े।

Advertisement

कालिदास समारोह का नन्हा पौधा आज वटवक्ष बना: उज्जैन काल, कला और कालिदास की त्रिवेणी है। महाकवि कालिदास की कालजयी लेखनी द्वितीय नहीं, बल्कि अद्वितीय है। सम्राट विक्रमादित्य के नवरत्नों में शिरोमणि कालिदास की स्मृति में पं. सूर्यनारायण व्यास द्वारा रोपा समारोह रूपी नन्हा पौधा आज विशाल वटवृक्ष बनकर वैश्विक क्षितिज पर अपनी छटा बिखेर रहा है।

डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री
दर्शन और कला का अनुपम संगम है कालिदास साहित्य: महाकवि कालिदास एक ऐसे अमर शब्द-साधक हैं। जीवन मूल्यों की आधारशिला पर रचा उनका साहित्य दर्शन और कला का अनुपम संगम है। इसने सनातन चेतना को भी विस्तार दिया।
धर्मेंद्र सिंह लोधी, संस्कृति मंत्री

वाणी त्रिपाठी टिक्कू कालिदास सम्मान से अलंकृत
समारोह में रंगकर्म के क्षेत्र में विशिष्ट और अविस्मरणीय योगदान देने पर सुश्री वाणी त्रिपाठी टिक्कू को अखिल भारतीय कालिदास सम्मान संस्कृति मंत्री एवं मंचासीन अतिथियों ने प्रदान किया। संस्कृति संचालक एन. पी. नामदेव ने सम्मान पत्र का वाचन किया। इसके पूर्व कालिदास संस्कृत अकादमी के संचालक डॉ. गोविंद गंधे ने स्वागत उद्बोधन दिया। सारस्वत अतिथि के रूप में शांतिनिकेतन (कोलकाता) के लब्धप्रतिष्ठ विद्वान प्रो. अरुण रंजन मिश्रा की विशेष उपस्थिति रही।

आज के कार्यक्रम
रविवार शाम 4:30 बजे पद्म भूषण पं. सूर्यनारायण व्यास स्मृति व्याख्यान वैज्ञानिक कवि कालिदास विषय पर होगा। सांस्कृतिक प्रस्तुति के अन्तर्गत संस्कृत नाटक ”धन्योगृहस्ताश्रम” सोमय्या विद्याविहार विश्वविद्यालय मुंबईद्वारा प्रस्तुत किया जाएगा।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें