इंदौर: ट्रैफिक आरक्षक ने पुलिस क्वार्टर में लगाई फांसी

मल्हारगंज थाना क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस के एक आरक्षक द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई है। शनिवार को जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने के कारण फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।

पुलिस क्वार्टर में मिला शव
एडिशनल डीसीपी सुमित केरकट्टा के अनुसार, चौथी पल्टन स्थित पुलिस क्वार्टर की पहली मंजिल पर रहने वाले आरक्षक अंकित तोमर (29) ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। कमरे की तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या नोट नहीं मिला।
एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
त्तर प्रदेश का था रहने वाला
अंकित तोमर उत्तर प्रदेश के बागपत जिले का निवासी था। उसके परिजन इंदौर पहुंच चुके हैं, जबकि उसके चाचा पहले से ही शहर में रहते हैं और अस्पताल में मौजूद हैं।
दिल्ली पुलिस में हुआ था चयन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अंकित का चयन Delhi Police में हो चुका था और वह 3-4 महीने में जॉइन करने वाला था। फिलहाल वह एसीपी ट्रैफिक ईस्ट कार्यालय में लिपिकीय कार्य देख रहा था।
ड्यूटी से लौटने के बाद हुआ हादसा
साथियों के मुताबिक, अंकित शुक्रवार रात करीब 10 बजे ड्यूटी से घर लौटा था। इसके बाद रात में ही उसने यह कदम उठा लिया। छुट्टी नहीं मिलने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।









