Popup Image

शहर के 29 साइलेंट जोन बने शोपीस, अस्पतालों व कोर्ट के बाहर कानफोड़ू हार्न का राज

फाइलों में ‘सन्नाटा’, सड़कों पर ‘धमाका’: हाईकोर्ट की फटकार के बाद भी नहीं जागा सुस्त तंत्र… न सीमा बताने वाले बोर्ड लगे और न शोर मचाने वालों पर हुई कार्रवाई

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। शहर को ध्वनि प्रदूषण से मुक्ति दिलाने का प्रशासनिक दावा महज सरकारी फाइलों में कैद होकर रह गया है। जिन 29 संवेदनशील स्थानों को ‘साइलेंट जोन’ घोषित कर अफसरों ने अपनी पीठ थपथपाई थी, आज उन्हीं इलाकों की सड़कों पर प्रेशर हार्न, तेज रफ्तार वाहनों और लाउड स्पीकर का शोर कानून को मुंह चिढ़ा रहा है। एमवाय और बाम्बे अस्पताल में भर्ती मरीजों के कानों में आज भी ट्रैफिक का शोर गूंज रहा है और कॉलेजों से लेकर कोर्ट परिसर तक शांति कोसों दूर है। हैरानी की बात यह है कि घोषणा के महीनों बाद भी न तो मौके पर कोई सूचना बोर्ड नजर आ रहा है और न ही नियम तोडऩे वालों पर कोई लगाम है।

नियमानुसार अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और न्यायालयों के 100 मीटर के दायरे में साइलेंट जोन लागू होता है। यहां दिन के समय अधिकतम 50 और रात में 40 डेसीबल ध्वनि स्तर तय है तथा हार्न, लाउड स्पीकर और पटाखों पर सख्त पाबंदी रहती है। लेकिन प्रशासन की लापरवाही का आलम यह है कि इन इलाकों के प्रवेश मार्गों पर साइलेंट जोन की सीमा या प्रतिबंधों की जानकारी देने वाला एक अदद बोर्ड तक नहीं लगाया गया है। जब राहगीरों और वाहन चालकों को पता ही नहीं होगा कि वे शांत क्षेत्र से गुजर रहे हैं, तो शोर पर नियंत्रण कैसे संभव है?

Advertisement

गौरतलब है कि ध्वनि प्रदूषण के मामले में मप्र हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने 26 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़ा रुख अपनाते हुए सवाल खड़े किए थे। कोर्ट ने साफ कहा था कि साइलेंट जोन की सूची प्रकाशित करने के पूर्व निर्देशों का उचित पालन नहीं हुआ है। पर्यावरण विशेषज्ञों का दो टूक कहना है कि केवल कागजी आदेश जारी करने से मरीजों को आराम और विद्यार्थियों को एकाग्रता नहीं मिलेगी। प्रशासन को अब नींद से जागकर ध्वनि स्तर की नियमित जांच और शोर करने वालों पर सीधी कार्रवाई करनी होगी।

ये प्रमुख संस्थान हैं साइलेंट जोन में शामिल
जिला प्रशासन ने अक्टूबर में एमवाय अस्पताल, बाम्बे अस्पताल, चोइथराम, अरबिंदो, चाचा नेहरू व सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के साथ ही एसजीएसआईटीएस, होलकर साइंस कॉलेज, गुजराती कॉलेज, क्रिश्चियन कॉलेज, डीएवीवी खंडवा रोड परिसर, जिला न्यायालय और कलेक्टोरेट परिसर सहित 29 स्थानों को साइलेंट जोन घोषित किया था।

Advertisement

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें