महाकाल मंदिर समिति ने स्टिंग कर तीन को पकड़कर पुलिस को सौंपा

सोशल मीडिया पर महाकाल मंदिर में रील बनाने की पोस्ट डालकर श्रद्धालुओं को कर रहे थे भ्रमित
नाबालिग होने से पुलिस कार्रवाई की संभावना नहीं
उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में शूटिंग एवं कमर्शियल रील बनाने की पोस्ट डाली जा रही है। ऐसा ही एक मामला संज्ञान में आने पर मंदिर समिति ने पोस्ट पर दिए नंबर पर संपर्क किया और रील बनाने की बुकिंग कर डाली। इतना ही नहीं एडवांस राशि भी चुका दी। जैसे ही संबंधित लोग शूटिंग के लिए पहुंचे, उन्हें पकड़ लिया गया। इन्हें पुलिस को सौंपा गया है। हालांकि पुलिस कार्रवाई की संभावना नगण्य है,क्योंकि पकड़े गए तीन लोग नाबालिग हैं।
दरअसल, श्री महाकालेश्वर मंदिर में अनधिकृत शूटिंग एवं व्यावसायिक रील बनाना प्रतिबंधित है। पर कतिपय लोग मंदिर परिसर में अनधिकृत रूप से फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी करने तथा व्यावसायिक तौर पर रील बनाने के झूठे दावे कर श्रद्धालुओं को भ्रमित कर रहे हैं। इन लोगों ने सोशल मीडिया पेज तक बना रखे हैं और इसके माध्यम से आमंत्रण भी दिया जा रहा है।

इस बात की जानकारी जब मंदिर प्रबंध समिति को लगी तो उसने संबंधित इंस्टाग्राम पेजों की गतिविधियों पर निगरानी रखी और इन्हें पकडऩे की योजना बनाई। उज्जैन रील शूट नामक इंस्टाग्राम पेज से संपर्क किया गया और मंदिर में रील शूटिंग की बुकिंग कराई गई। पेज की तरफ से एडवांस राशि भी मांगी गई तो इसका भी भुगतान किया गया। भुगतान हासिल करने के बाद जब शूटिंग के लिए संबंधित व्यक्ति मंदिर परिसर पहुंचे तो उन्हें पकड़ लिया गया। पकड़ गए तीन लोग किशोर उम्र के हैं।
पीआरओ आशीष फलवाडिय़ा ने बताया कि हिमांशु, गौरव एवं अनुज नामक शख्स को मंदिर परिसर में मोबाइल से नियम विरुद्ध एवं अनधिकृत रूप से फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी करते हुए पकड़ा गया है। उनके द्वारा की जा रही गतिविधियों को मंदिर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी रिकॉर्ड किया गया। इसके उपरांत संबंधितों को महाकाल थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया। पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
बिना अनुमति शूटिंग की इजाजत नहीं
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के पीआरओ आशीष फलवाडिय़ा ने स्पष्ट किया कि मंदिर परिसर में बिना अनुमति व्यावसायिक शूटिंग, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी प्रतिबंधित है। सोशल मीडिया पर इस प्रकार की अनधिकृत गतिविधियों को वैध बताकर व्यावसायिक दावे करना और भी गंभीर है। इसके चलते ही कार्रवाई की गई है।
समिति ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं को भ्रमित करने वाले झूठे दावों एवं मंदिर की व्यवस्थाओं का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सतर्कता बरतते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी। मंदिर की धार्मिक गरिमा, सुरक्षा एवं नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आरोपी नाबालिग समझाइश दे सकते हैं
पकड़े गए तीनों किशोर नाबालिग हैं। इन पर कानूनी कार्रवाई नहीं कर सकते। इनके परिजनों को बुलाया है। फिलहाल समझाइश देकर छोड़ रहे हैं। जरूरत पड़ी तो वैधानिक कार्रवाई करेंगे।
गगन बादल, टीआई, महाकाल









